उत्तराखंड

अमेरिकी सैनिकों ने खूब खेली कबड्डी

रानीखेत, अल्‍मोड़ा : उत्तराखंड में रक्षा सहयोग, सामरिक सम्बन्ध व आतंकवाद के खात्मे को भारत व अमेरिका के संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास के तहत आज अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशन से एक दिन पहले दोनों गणतांत्रिक देशों के सैनिकों ने खेल के मैदान में पसीना बहाया। खुद को शारीरिक व मानसिक तौर पर चुस्त दुरुस्त रखने के मकसद से अमेरिकी सैनिकों ने दिल, दिमाग, तकनीक व ताकत से जुड़े भारतीय खेल कबड्डी में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई।

उधर, गुरुवार को हवाई मार्ग से पैरा कमांडोज की सैन्य कार्रवाई के लिए पिलखोली की पहाड़ी में तैयारी पूरी कर ली गई है। भारत व अमेरिका के सैनिकों को गुरुवार को 15-गढ़वाल की अगुवाई में चल रहे युद्ध अभ्यास के बजाय खेल गतिविधियों में व्यस्त रखा गया। चौबटिया सैन्य छावनी के एतिहासिक गरुड़ मैदान में गुरुवार को विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ। अमेरिकी सैनिकों को भारतीय खेल कबड्डी खूब भाया। मनोरंजन के साथ ही एकाग्रता, धैर्य, तकनीक व ताकत पर आधारित इस खेल में दोनों देशों के जांबाजों ने अपनी अपनी कुशलता का परिचय दिया। भारतीय सैनिकों ने अमेरिकी साथी सैनिकों को प्रतिद्वंद्वी को मात देने, घेरने व उसे दबोचने के गुर भी बताए। भारत व अमेरिकी सैनिकों ने अलग अलग टीमें बनाकर क्रिकेट का भी आनंद लिया। इसमें महिला सैन्य अधिकारियों व जवानों ने भी हिस्सा लिया। बल्लेबाजी व गेंदबाजी में हुनर का लोहा भी मनवाया। इसके अलावा बास्केटबॉल व वॉलीबाल आदि में भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। खेल गतिविधियों से पूर्व दिन में अमेरिकी सैनिकों ने प्राथमिक विद्यालय चौबटिया पहुंच बच्चों के बीच समय बिताया। उन्होंने नौनिहालों की जिज्ञासा शांत की। विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। पहली बार अमेरिकी सैनिकों को अपने करीब पाकर बच्चे भी बेहद उत्साहित दिखे।

Related Articles

Back to top button