टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

50 किलोमीटर चलकर जंगल में घुसे जवान, रात में तीन तरफ से किया घेराव और 8 नक्सली ढेर


जगदलपुर/दंतेवाड़ा : बीजापुर और दंतेवाड़ा की सरहद पर बस्तर पुलिस की डीआरजी और एसटीएफ ने एक बड़ा एनकाउंटर किया, इसमें 8 नक्सली मारे गए। यह एनकाउंटर सिर्फ नक्सलियों के खिलाफ महज एक ऑपरेशन नहीं था बल्कि यह एनकाउंटर नक्सलियों के उस आरोप का जवाब था जिसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ और बस्तर पुलिस पर ग्रे हाउंड के तौर पर भाड़े के जवान बुलाकर ( आंध्र के ग्रे-हाउंड) एनकाउंटर करवाने का आरोप लगाया था। उल्लेखनीय है कि बीजापुर में ग्रे-हाउंड की फोर्स ने एक साथ 10 नक्सलियों को ढेर किया था। इसके बाद नक्सलियों ने जवानों पर कई तरह के आरोप लगाए थे। नक्सलियों के ओर से लगाए गए आरोप के बाद पुलिस ने अभी तक का सबसे बड़ा और गोपनीय एनकाउंटर प्लान किया और इसे अंजाम तक भी पहुंचाया।

300 जवान बुधवार सुबह 11 बजे जंगल के रास्ते से निकले, रात 9 बजे तक 50 किलोमीटर चलकर निर्धारित स्थान पर पहुंचे। रात 9 से भोर होने तक तीन तरफ से घेरेबंदी की और उजाला होते ही हमला बोल दिया। नतीजा- पहले 7 फिर एक और नक्सली ढेर हो गए। नारायणपुर इलाके में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत गुरूवार को पुलिस को 6 नक्सली गिरफ्तार करने में एक बड़ी सफलता मिली है। नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर थाना ओरछा से जिला बल एवं छसबल की संयुक्त पुलिस पार्टी बुधवार को ग्राम दुलूरपारा, एडजूमपारा, बड़ेटोंडेबेड़ा से पहाड़ी के रास्ते मंडाली के जंगल में पहुंची। इस दौरान कुछ लोग पुलिस पार्टी को देखकर भागने लगे जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ा । पकड़े गए सभी नक्सलियों ने थाना ओरछा क्षेत्र में पुलिस पार्टी पर हमला एवं आगजनी की घटनाओं में शामिल रहना स्वीकार किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में मंगलू उसेंडी , सोमड़ू पोड़ियाम, केयोग राम, सन्नू राम सलाम, मनकूराम कश्यप और जोगो मंडावी हैं। इनमें से जोगो मंडावी वर्ष 2012 के पूर्व से सक्रिय रूप से नक्सली संगठन में आलबेड़ा मिलिशिया के रूप चांवल, राशन जमा करने तथा शीर्ष नक्सलियों के क्षेत्र में आगमन के दौरान सुरक्षा हेतु संतरी ड्यूटी का कार्य करता था। अन्य पांच नक्सली भी पिछले पांच सालों से संगठन में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button