दिल्लीराज्य

DELHI: न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस, बढ़ने लगी ठंड…

नई दिल्ली । Weather Update for Delhi and National Capital Region: देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटे इलाकों गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आने लगी है, इससे ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान महज 11.7 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। लोदी रोड पर 10.8 डिग्री और आया नगर व पूसा में 11 डिग्री सेल्सियस रहा।

बताया जा रहा है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) की वजह से रात से ही बादल भी छाए रहे। लिहाजा, सुबह के समय ठिठुरन महसूस हुई। बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। अलबत्ता शुक्रवार से हवा तेज हो जाएगी। शुक्रवार से सोमवार तक हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने के आसार हैं, जिसकी वजह से ठंड बढ़ेगी। हालांकि, अगले दो दिन कुछ गर्मी बढ़ेगी।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 11.7 होने से दृश्यता 150 मीटर तक सिमट गई। सूरज निकलने के बाद यही कोहरा स्मॉग में बदल गया। हवा में नमी का स्तर 38 से 89 फीसद तक रहा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक, अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस पर सिमट सकता है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कमी आने लगेगी। 18 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर सिमट जाएगा।

वहीं, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को हालात बदतर बने हुए हैं। बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) के मुताबिक, पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर 400 के पार पहुंच गया है, जिसे स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जाता है।

Related Articles

Back to top button