Entertainment News -मनोरंजन

अ​भिनेत्री कंगना रनौत के घर के बाहर फायरिंग, पुलिस ने बढ़ाई चौकसी

कुल्लू : लगातार अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाली जानीमानी अभिनेत्री कंगना रनौत की टीम ने शुक्रवार देर रात पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनके मनाली स्थित घर के पास किसी ने फायरिंग की है। इसके बाद कुल्लू पुलिस कंगना के घर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि प्राथमिक जांच में पुलिस को कोई भी सबूत नहीं मिले हैं। इस दौरान कंगना का कहना है कि यह फायरिंग उन्हें डराने की कोशिश के तहत करवाई गई है। इसके बाद पुलिस ने एक टीम कंगना के घर पर सुरक्षा के लिए लगा दी है।

मिली जानकारी के अनुसार कंगना रनौत कल गोली चलने की आवाज सुनने से रात भर सहमी रही। हालांकि मौके पर पहुंची मनाली पुलिस को गोली चलने व चलाने का कोई सुराग हाथ नही लगा है लेकिन पुलिस ने कंगना के घर के आसपास चौकसी बढ़ा दी है। कंगना 17 मार्च को अपना जन्मदिन मनाने मनाली आई थी। कोविड 19 के कारण लॉकडाउन लग जाने के बाद कंगना मुंबई बापस नहीं लौट पाई है।

सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद लगातार अपने बयानों के कारण चर्चा में रहने वाली कंगना रनौत की टीम पूरी तरह सतर्क है। मनाली पुलिस की माने तो जांच में पुलिस को कोई भी सबूत नहीं मिले हैं। कंगना ने पुलिस को बताया की वह अपने बेडरूम में थी और रात लगभग साढे 11 बजे पटाखों जैसी अवाज सुनाई दी। पहले लगा कि किसी ने पटाखा चलाया है लेकिन जब दूसरी बार अवाज आई तो सचेत हो गई। यह गोली चलने की आवाज थी। इसलिए तुरंत सिक्यॉरिटी को बुलाया।

कंगना ने कहा कि कोई चाहता है कि इस तरह की हरकत से वह डर जाएगी तो वो भूल जाए। कंगना की बहन रंगोली ने बताया कि वह दोनों बहनें घर में साथ थीं। रात को गोली चलने की उन्होंने आवाज सुनी है। रंगोली ने बताया कि उनका बेटा पृथ्वी व कंगना सभी साथ थे।

एसपी गौरव ने कंगना द्वारा गोली चलाने की शिकायत करने की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि कंगना के घर एक टीम तुरंत पहुंची थी। फरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची थी लेकिन उन्हें कोई कारतूस का खाली खोखा या बारूद के निशान नहीं मिले हैं। कंगना के घर के आसपास वालों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस ने कंगना के घर के आसपास गश्त बढ़ा दी है। वहीं चर्चा यह भी है कि शायद चमगादड़ भगाने के लिए किसी ने बगीचे में पटाखे जलाए होंगे।

Related Articles

Back to top button