Lucknow News लखनऊPolitical News - राजनीतिTOP NEWS

किसान सभा ने डीजल-पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि पर आक्रोश व्यक्त किया

लखनऊ: किसान संगठनों के उ0प्र0 राज्य पदाधिकारियों की एक संयुक्त बैठक आज उ0प्र0 किसान सभा के राज्य कार्यालय 10 विधानसभा मार्ग लखनऊ में संपन्न हुई। बैठक में डीजल-पेट्रोल के दामों में की जा रही लगातार बेतहाशा वृद्धि पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए तीव्र विरोध किया गया। बैठक की अध्यक्षता उ0प्र0 किसानसभा के महामंत्री मुकुट सिंह ने की।

बैठक में शामिल किसान संगठनों के राज्य पदाधिकरियों ने कहा कि कोरोना महामारी और लॉकडाउन के चलते किसान पहले से ही तबाह हो रहा है उसकी सब्जियां, दूध, फूल, मक्का व अन्य उत्पाद मिट्टी के भाव बिके और सड़कों पर फेंके गये। सरकार का रूख किसानों की घोर उपेक्षा का रहा। अब जब डीजल पेट्रोल के दामों में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गिरावट है, भाजपा की केन्द्र सरकार पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में प्रतिदिन वृद्धि करती जा रही है। सरकार टैक्स बढ़ा रही है और तेल कंपनियां अपना मुनाफा।

कृषि क्षेत्र में पहले से ही संकट है और खेती घाटे का सौदा बन चुकी है। डीजल-पेट्रोल मूल्यवृद्धि से खेती की लागत कई गुना बढ़ जायेगी और बेहाल किसान मारा जायेगा। इस वृद्धि से अन्य जरूरी चीजों का दाम भी बढ़ेगा और आम जनता पर बोझ बढ़ेगा। कोरोना और लॉकडाउन की आड़ में सरकार ताबड़तोड़ किसानों पर हमला कर रही है। अध्यादेश के जरिये किसानों को बहुराष्ट्रीय कंपनियों तथा कारपोरेट की दया पर आश्रित किया जा रहा है। सरकारी खरीद को समाप्त करके सार्वजनिक वितरण को समाप्त करने का कुचक्र चलाया जा रहा है। किसान संगठनों ने डीजल पेट्रोल के दामों को फौरन कम करने की मांग की और बैठक में तय किया गया कि तीन जुलाुई को किसान पेट्रोल-डीजल मूल्यवृद्धि के खिलाफ लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

किसान संगठनों ने इसी दिन होने वाली मजदूरों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का भी समर्थन किया। बैठक में शामिल किसान संगठनों के राज्य पदाधिकारी- हीरालाल यादव, उपाध्यक्ष उ0प्र0 किसान सभा, आशीष मित्तल, वर्किंग कमेटी सदस्य, अ0भा0 किसान समन्वय समिति, मुकुट सिंह, महामंत्री उ0प्र0 किसानसभा, ईश्वरी प्रसाद कुशवाह, प्रदेश सचिव अ0भा0 किसान महासभा, राजेन्द्र यादव, अध्यक्ष अ0भा0 किसानसभा (अजय भवन) देवेन्द्र तिवारी, अध्यक्ष उ0प्र0 किसान मंच, डा0 बी0एल0 वर्मा, संयोजक पूर्वी उ0प्र0, अ0भा0 किसान समन्वय संघर्ष समिति, मो0 ओसामा, उ0प्र0 किसानसभा राज्य कार्यालय उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button