अजब-गजब

OMG! 36 साल से हर दिन 500 लोगों को फ्री में खाना खिलाता हैं ये शख्स…

किसी भी भूखे व्यक्ति को खाना खिलाना बड़े ही पुण्य का काम बताया गया है। ऐसा कहा जाता है कि किसी भूखे को खाना खिलाकर सुख व सुकून की प्राप्ति होती है। सिर्फ इंसान ही नहीं बल्कि जानवर जैसे गाय-बैल को भी खाना खिलाने से पुण्य मिलता है। आज हम आपको जिस व्यक्ति के बारे में बताने जा रहे हैं उन्होंने इस पुण्य के काम में अपने जीवन के पिछले 36 वर्ष समर्पित कर दिए।

हम बात कर रहे हैं तमिलनाडु के रामेश्वरम में रहने वाले 70 वर्षीय सीताराम दास बाबा की। सीताराम बाबा पिछले 36 वर्षों से प्रतिदिन 500 लोगों को फ्री खाना खिलाते आ रहे हैं। बाबा सीताराम का आश्रम कीलावसाल में स्थित रामनाथ स्वामी मंदिर के पास है। यहां आने वाला कोई भी पर्यटक व तीर्थयात्री खाली पेट वापस नहीं लौटता।

सीताराम बाबा के आश्रम का नाम बजरंग दास बाबा आश्रम है। इस आश्रम में उत्तर भारतीय व दक्षिण भारतीय दोनों तरह के व्यंजन परोसे जाते हैं। इस आश्रम में आने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ धर्म, जाति, लिंग आदि के आधार पर किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता। सीताराम बाबा का आश्रम सभी लोगों के लिए हमेशा खुला रहता है।

सीताराम बाबा रोज सुबह पांच बजे उठ जाते हैं ताकि वे आश्रम में आने वाले लोगों के लिए भोजन तैयार कर सकें। उनका आश्रम लोगों के दान से चलता है। आश्रम आने वाले लोग जो भी पैसा दान करते हैं, उसी से सभी का पेट भरा जाता है।

सीताराम बाबा की 10 लोगों की एक छोटी सी टीम है जो आश्रम को सुचारू रूप से चलाने में उनकी मदद करती है। आश्रम में खाना खिलाने का काम सुबह 11:30 बजे से 2 बजे तक किया जाता है।

Related Articles

Back to top button