अन्तर्राष्ट्रीय

दो लाख से ज्यादा कोरोना मरीजों वाला पांचवां देश बना रूस, हुई दो हजार मौतें

नई दिल्ली: वैश्विक महामारी बन चुके कोरोनो वायरस का प्रकोप लगातार जारी है। हाल यह है कि शुरुआत में संक्रमितों के मामले में काफी पीछे रहा देश रूस भी अब इसके कहर से बेहाल हो रहा है। अब यहां रोजाना हजारों मामले आ रहे हैं। शनिवार को भी 11,012 नए मामले आने से अब संक्रमितों की संख्या दो लाख पार कर 2,09,668 हो गई है जबकि 1915 लोगों की इसके कारण मौत हुई है। अब तक 34,306 लोग इलाज के बाद ठीक भी हो चुके हैं। अब दो लाख से ज्यादा संक्रमितों वाले देशों में रूस पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। दुनिया में 41 लाख से ज्यादा 41,52,778 मामले सामने आए हैं।

जोहानिसबर्ग: अफ्रीका में अब तक संक्रमण के 63,458 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 2,267 मरीजों की मौत हुई है। अफ्रीका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, महाद्वीप के सभी 54 देश में कोरोना के मरीज सामने आए हैं। दक्षिण अफ्रीका में सबसे अधिक 9,420 मामले सामने आए हैं। जांच क्षमता की कमी इन देशों के लिए चुनौती है। माना जा रहा है कि मरीजों की संख्या अधिक हो सकती है। कुछ देशों ने खतरे के बावजूद लॉकडाउन में ढील देनी शुरू कर दी है। इनका तर्क है कि लोगों को परिवार पालने के लिए के नियमों में ढील दी जानी चाहिए।
 
कैनबरा: ऑस्ट्रेलिया के आठ में से छह प्रांतों और क्षेत्रों में कोरोना वायरस के संक्रमण का नया मामला नहीं आया है और ये प्रांत कोरोना मुक्त हैं। स्वास्थ्य मंत्री ग्रेग हंट ने यह जानकारी दी। उन्होंने रविवार को बताया कि ऑस्ट्रेलिया में कल रात विक्टोरिया प्रांत में 10 और न्यू साउथ वेल्स में कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए जबकि वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया, साउथ ऑस्ट्रेलिया, क्वींसलैंड, तस्मानिया, ऑस्ट्रेलियन कैपिटल टेरिटरी और नॉदर्न टेरिटरी में कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि महामारी की रोकथाम में सफलता के लिए यहां के लोग बधाई के पात्र हैं, लेकिन यात्रा पर गए लोगों की वापसी के बाद ऐसी संभावना भी नहीं है कि नए मामले सामने नहीं आएंगे।
 
अमेरिका: अमेरिका में कोरोना से अब तक 80 हजार से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई ही। आंकड़ों के मुताबिक यहां अब तक 80,351 लोगों की मौत हुई है और संक्रमितों की संख्या 13,53,534 हो गई है। न्यूयॉर्क में सबसे ज्यादा 3,43,409 मामले आए हैं जबकि 26,771 मरीजों की मौत हुई है। न्यू जर्सी में 1,38,579 संक्रमितों में से 9,255 लोगों को जान गंवानी पड़ी। मैसाचुसेट्स, इलिनोइस, कैलिफोर्निया और पेंसिल्वेनिया में मरीजों की संख्या 50 हजार से ज्यादा है। ब्राजील में 730 और लोगों की मौत से मृतक संख्या 10,739 हो गई है जबकि संक्रमितों की संख्या 1,56,862 हो गई है। 61,685 मरीज ठीक हुए हैं, जो कुल संक्रमितों का लगभग 40 प्रतिशत है।

Related Articles

Back to top button