BREAKING NEWSLucknow News लखनऊPolitical News - राजनीतिTOP NEWSउत्तर प्रदेशदस्तक-विशेषफीचर्डस्तम्भ

सब प्रकार हम तुमसन हारे, क्षमहु विप्र अपराध हमारे’ : योगी

अमरेन्द्र प्रताप सिंह

विधानसभा में गरजे योगी कहा एक ही हैं ‘राम-परशुराम’

लखनऊ, 22 अगस्त, दस्तक टाइम्स, (अमरेन्द्र प्रताप सिंह) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के मानसून सत्र में शनिवार को विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। राज्य में जातिवादी राजनीति कर रहे लोगों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि राम और परशुराम में कोई भेद नहीं है। दोनों ही विष्णु के अवतार हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की बुद्धि और सोच में अंतर है, इसलिए उन्हें भगवान में भी भेद दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि रोम की भाषा बोलने वाले अब राम-राम बोल रहे हैं। सीएम ने आगे कहा कि राम का नाम किसी भी नाम से लें उद्धार होगा फिर वो चाहें परशुराम नाम पर ही क्यों न हो, परशुराम के नाम में भी राम का नाम आता है।

सब प्रकार हम तुमसन हारे, क्षमहु विप्र अपराध हमारे

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने तुलसीकृत रामचरित मानस का उद्धरण देते हुए कहा कि धनुष भंग प्रसंग में राम और परशुराम के सम्बन्धों को स्पष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रसंग में राम कहते हैं ”राम मात्र लघु नाम हमारा, परशुसहित बड़ नाम तुम्हारा, सब प्रकार हम तुमसन हारे, क्षमहु विप्र अपराध हमारे।” इसके बाद विष्णु के पूर्णावतार श्रीराम को पहचानकर परशुराम जी ने श्रीराम की वंदना की।

राम-परशुराम में कोई भेद नहीं दोनों ही विष्णु अवतार

उन्होंने कहा कि आज लोग जाति की राजनीति कर जातिवाद का झंडा ऊंचा कर रहे हैं। इतना ही नहीं ‘कुछ लोग तिलक-तराजू के नाम पर जहर घोलते थे’ अब वही लोग राम-राम, परशुराम का जाप कर रहे हैं। ये नहीं जानते कि राम-परशुराम में कोई भेद नहीं, बस कुछ लोगों की बुद्धि में भेद है जो कि इनकी विभाजनकारी मंशा दिख रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण शुरू हुआ यूपी के लिए ये एक गौरव का विषय है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह को ह्रदय से बधाई दी।

जिसने राम से द्रोह किया उसकी दुगर्ति मारीच जैसी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो राम का नाम लेता है, वह हनुमान जी और महर्षि वाल्मिकि की तरह सबके लिए पूज्य हो जाता है। वहीं जिसने राम के साथ द्रोह किया उसकी दुगर्ति मारीच जैसी होती है। समाज में कुछ लोग ऐसे हैं जो भगवान राम और भगवान परशुराम के सम्बंधों और महत्व को समझना नहीं चाहते और समाज को जाति के नाम पर बांटने के प्रयास में लगे रहते हैं। ऐसे लोग जातिवादी, विभाजनकारी, कुत्सित मानसिकता रखते हैं। इसी वजह से देश की खुशी के साथ खुश नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश सब देख रहा है। समय आने पर जनता जवाब भी देगी।

‘प्रभु राम की ताकत को विश्व ने समझा’

उन्होंने कहा कि 492 वर्षों से इसका इंतेजार था- हम सब बहुत सौभाग्यशाली है। ‘प्रभु राम की ताकत को विश्व ने समझा’ है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सर्वसम्मत से आया और राममंदिर निर्माण होने को है इसीलिए ‘कुछ लोग अपने अंदर की कुंठा को दबा नहीं पाए’। उन्होंने कहा कि ‘कुछ लोग तिलक-तराजू के नाम पर जहर घोलते थे’ अब लोग राम-राम, परशुराम का जाप कर रहे  ये भूल रहे कि लोकतंत्र में मर्यादा और धैर्य बहुत महत्वपूर्ण है। दरअसल संकीर्ण सोच वाले राम-परशुराम में भेद करते जबकि दोनों ही भगवान विष्णु के अवतार हैं। कुछ देर के लिए जनता की आंख में धूल झोंक सकते मगर विधाता से नहीं बच सकते हैं।

आप सांसद को कहा ‘दिल्ली से आया एक नमूना’

पिछले एक हफ्ते से प्रदेश की राजनीति में आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह की बढ़ती दखलंदाजी को लेकर आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा हमला किया। उन्होंने संजय सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि दिल्ली से आया एक नमूना इन दिनों प्रदेश की राजनीति में सक्रिय होकर राज्य सरकार पर ऊलजुलूल टीका टिप्पणी कर रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब हम उन्हें क्या बताए हमने क्या-क्या किया। मुख्यमंत्री ने कोरोना को लेकर दिल्ली और यूपी के आंकड़ों के साथ ही कई अन्य उदाहरण भी पेश किए।

Related Articles

Back to top button