राज्य

चंद्रपुर और लातूर में खिला कमल, परभणी में कांग्रेस-राकांपा की होगी सत्ता

मुंबई/चंद्रपुर/लातूर. राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की जीत का सिलसिला जारी है। चंद्रपुर, लातूर और परभणी महानगरपालिकाओं के चुनाव में भाजपा ने चंद्रपुर व लातूर में पूर्ण बहुमत हासिल की है। जबकि परभणी में कांग्रेस बहुमत से दो सीटें पीछे रह गई। पार्टी ने यहां की 65 सदस्यीय मनपा में 31 सीटें जीती हैं। तीनों मनपा के लिए 19 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। इसके नतीजे शुक्रवार को मतगणना के बाद घोषित किए गए।
 
पूर्व सीएम दिवंगत विलासराव देशमुख के गृह जिले लातूर में भाजपा ने आश्चर्यजनक सफलता हासिल की है। यहां पार्टी ने 36 सीटें जीती हैं। जबकि पिछली बार उसका खाता भी नहीं खुल सका था। वहीं, वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार अपने गृह जिले चंद्रपुर में भाजपा को सफलता दिलाने में कामयाब रहे। लातूर में कांग्रेस का सत्ता गंवाना विलासराव के विधायक बेटे अमित देशमुख के लिए झटका माना जा रहा है। परभणी मनपा में अब तक राकांपा-कांग्रेस की सत्ता थी, लेकिन इस बार दोनों अलग-अलग लड़ी थीं। यहां कांग्रेस सबसे आगे रही। राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि परभणी में कांग्रेस-राकांपा मिलकर सत्ता स्थापित करेंगी।
लातूर में कांग्रेस के अलावा राकांपा व शिवसेना को भी नुकसान हुआ है। यहां शिवसेना अपना खाता भी नहीं खोल सकी। जबकि राकांपा एक सीट पर सिमट गई है। जबकि उसको पिछली बार 13 सीटें मिली थीं।
 
ईवीएम में गड़बड़ी के कांग्रेस हारी। भाजपा ने पहले ही 40 के आसपास सीटें जीतने का दावा किया था।”
– नरेश पुगलिया, कांग्रेस
यह कड़ी धूप में मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत है। जनता ने भाजपा के प्रति जो विश्वास जताया है उसको बरकरार रखा जाएगा।”
-हंसराज अहीर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री (चंद्रपुर के परिणामों पर)
 
पूर्व महापौर स्मिता खानापुरे ने खोया सीट
पूर्व महापौर व कांग्रेस प्रत्याशी स्मिता खानापुरे और पूर्व नगराध्यक्ष लक्ष्मण कांबले को हार का सामना करना पड़ा। विजयी प्रत्याशियों में सबसे अधिक 5,617 वोट मनपा के निवर्तमान स्थायी समिति सभापति विक्रांत गोजमगुंडे को मिले। लातूर में शिवसेना और एमआईएम अपना खाता भी नहीं खोल सकीं।
नागभीड़ नप का चुनाव 24 मई को
ब्यूरो|मुंबई. चंद्रपुर की नागभीड़ नगरपरिषद के अध्यक्ष और सदस्य का चुनाव 24 मई को होगा। इसी दिन नेवासा (अहमदनगर), रेणापूर (लातूर) व शिराला (सांगली) की नपं और नप की रिक्त सीटों पर उपचुनाव भी कराए जाएंगे। राज्य चुनाव आयुक्त जेएस सहारिया ने यह घोषणा की। नप व नपं चुनाव के लिए उम्मीदवार 28 अप्रैल से 5 मई के बीच नामांकन भर सकेंगे। 6 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 मई को नाम वापसी की अंतिम तारीख है। 26 मई को मतगणना होगी।
नाशिक के देवला, जलगांव के यावल-1 ब, नंदूरबार के धडगांव-वडफल्या-रोषमाल -11, नंदूरबार- 2क, उस्मानाबाद- 11 ब, लातूर के औसा- 10अ और अमरावती के अचलपुर- 19ब सीट पर उपचुनाव होगा।
 
किसको कितनी सीटें
चंद्रपुर (66) : भाजपा 36, कांग्रेस 12, राकांपा 2,
शिवसेना 2, बसपा 8, अन्य 6.
लातूर (70) : भाजपा 36, कांग्रेस 33, राकांपा 1.
परभणी (65): कांग्रेस 31, राकांपा 18. भाजपा 8,
शिवसेना 6, अन्य 2.

Related Articles

Back to top button