अन्तर्राष्ट्रीय

नाइजीरिया में बस नदी में गिरी, 14 की मौत

अबूजा : अफ्रीकी देश नाइजीरिया के इबोनी प्रांत के इवो में जिले में एक यात्री बस के नदी में गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई है। संघीय सड़क सुरक्षा कोर के प्रांतीय कमांडर स्टेला उचेगबू ने शनिवार को बताया कि हादसा शुक्रवार शाम को उस समय हुआ जब बस चर्च के सदस्यों को लेकर वापस लौट रही थी। उन्होंने कहा कि बस में सवार लोगों की संख्या का पता नहीं चला है और उनकी पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि अभी तक 14 शव बरामद हुए है।

उन्होंने कहा कि बस चालक आगे निकलने की कोशिश में वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस नदी में गिर गई। प्रांत के पुलिस प्रवक्ता लवथ ओदाह ने बताया कि अभी तक बरामद किए गए शवों में सात पुरुष और सात महिलाएं हैं। श्री ओदाह के अनुसार स्थानीय अधिकारियों ने पांच लोगों को बचाया है और कई अन्य लापता है। उन्होंने कहा कि बचाए गए कुछ लोग बेहोश हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। बचावकर्मियों और शवों की तलाश कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button