उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगलखनऊ

उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण का निधन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण का निधन आज सुबह इलाज के दौरान हो गया है। वह कोरोना पॉजिटिव थीं। श्रीमती कमल रानी वरुण यूपी विधानसभा की सदस्य थीं। इससे पहले श्रीमती कमल सांसद भी रह चुकी हैं। कमल वरुण यूपी सरकार में टेक्निकल एजुकेशन मंत्री थीं। कमल वरुण कोरोना से संक्रमित थीं और लखनऊ के पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था।

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण की कोरोना संक्रमण के कारण रविवार को मौत हो गई। 18 जुलाई को उनमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उनका इलाज लखनऊ के पीजीआई में चल रहा था। 2017 में बीजेपी ने उन्हें कानपुर के घाटमपुर सीट से चुनावी मैदान में उतारा थे। वे इस सीट से जीतने वाली पार्टी की पहली विधायक थीं। 2019 में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। वे सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थीं। लखनऊ में 3 मई 1958 को जन्मी कमलरानी वरुण की शादी एलआईसी में प्रशासनिक अधिकारी किशन लाल वरुण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिबद्ध स्वयंसेवक से हुई थी।

समाजशास्त्र से एमए कमलरानी को वर्ष 1989 में भाजपा ने उन्हें शहर के द्वारिकापुरी वार्ड से कानपुर पार्षद का टिकट दिया। चुनाव जीत कर नगर निगम पहुंची कमलरानी 1995 में दोबारा उसी वार्ड से पार्षद निर्वाचित हुईं। बीजेपी ने 1996 में उन्हें घाटमपुर (सुरक्षित) संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारा। जीत हासिल कर लोकसभा पहुंची कमलरानी ने 1998 में भी उसी सीट से दोबारा जीत दर्ज की। वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्हें सिर्फ 585 मतों के अंतराल से बसपा प्रत्याशी प्यारेलाल संखवार के हाथों पराजित होना पड़ा था। सांसद रहते कमलरानी ने लेबर एंड वेलफेयर, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, राजभाषा व पर्यटन मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समितियों में रहकर काम किया।

वर्ष 2012 में पार्टी ने उन्हें रसूलाबाद (कानपुर देहात) से टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा लेकिन वह जीत नहीं सकीं। 2015 में पति की मृत्यु के बाद 2017 में वह घाटमपुर सीट से बीजेपी की पहली विधायक चुनकर विधानसभा में पहुंची थीं।

कैबिनेट मंत्री की मौत की खबर सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया अपना अयोध्या दौरा रद्द।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।

उपमुख्मंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा, उत्तर प्रदेश,सरकार में कैबिनेट मंत्री, श्रीमती कमल रानी वरुण जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका निधन समाज व पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ। ईश्वर उनके परिवार को संबल प्रदान करे।

ब्रजेश पाठक ​विधायी, न्याय एवं ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा मंत्री ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की वरिष्ठ मंत्री व कुशल नेता श्रीमती कमल रानी वरुण जी के आकस्मिक निधन की सूचना से स्तब्ध व व्यथित हूँ,गोलोकवासी पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शांति और उनके परिजनों को इस दुःखद घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।

Related Articles

Back to top button