फीचर्डराष्ट्रीय

अंधविश्वास से अछूते नहीं भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक

rocketचेन्नई । दुनिया भर के अंतरिक्ष वैज्ञानिक भले ही वैज्ञानिक क्षेत्र में विकास की दिशा में कदम बढ़ाते जा रहे हों  लेकिन वे अंधविश्वासों और मान्यताओं से अछूते नहीं हैं। एक भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक ने इस आशय का खुलासा किया है। जहां भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक हर अंतरिक्ष अभियान के पहले आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में प्रर्थना कर भगवान से अभियान की सफलता का वरदान मांगते हैं वहीं, उनके अमेरिकी समकक्ष इसके लिए मूंगफली खाते हैं।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एक वैज्ञानिक ने कहा ‘सबसे मजेदार बात तो रूस के अंतरिक्ष यात्रियों की परंपरा है। वे लोग प्रक्षेपण केंद्र तक उन्हें पहुंचाने वाली बस के पिछले दाहिने पहिए पर पेशाब करते हैं।’ इसरों के एक पूर्व प्रमुख ने कहा ‘यह सब निजी मान्यताएं हैं। कोई भी ईश्वर और विष को नहीं आजमा सकता।’ इसरो के एक सेवानिवृत्त रॉकेट वैज्ञानिक के मुताबिक परियोजना निदेशक रॉकेट के प्रक्षेपण वाले दिन एक नई शर्ट पहनता है। भारतीय परंपरा का निर्वाह करते हुए इसरो के रॉकेट के विभिन्न स्तरों को संयोजित करना शुरू करने से पहले पूजा की जाती है। भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक ने कहा कि पूरी की पूरी एजेंसी किसी तांत्रिक अनुष्ठान पर अमल नहीं करती है लेकिन वे इस बात का कोई जवाब नहीं दे सके कि आखिर किसी रॉकेट का नाम पोलर सेटेलाइट लांच वीकल-13 (पीएसएलवी-13) क्यों नहीं रखा गया। पीएसएलवी-सी 12 भेजने के बाद अगले रॉकेट के लिए इसरो सीधे एक अंक आगे निकल गया। यूरोप के छह छोटे उपग्रहों और ओसियानसैट-2 को जिस रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में भेजा गया उसका नाम पीएसएलवी-14 था। पीएसएलवी-13 के बारे में कुरेदने पर इसरो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा ‘इस संख्या का कोई रॉकेट बनाया ही नहीं गया।’ उन्होंने हालांकि इस सवाल का उत्तर टाल दिया कि क्या इसरो 13 को एक दुर्भाग्यशाली अंक मानता है? इन सबके बावजूद भारत की महत्वाकांक्षी 45० करोड़ रुपये की मंगल कक्षीय अभियान पूर्व की परंपराओं को तोड़ते हुए मंगलवार को प्रक्षेपित किया गया। इसरो के एक अधिकारी ने बताया ‘इसरो के इतिहास में यह पहला मौका है जब कोई रॉकेट मंगलवार को प्रक्षेपित किया गया। मंगलवार आम तौर पर अमंगलकारी माना जाता है।’ लेकिन मंगल अभियान से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के लिए मंगलवार का दिन शुभ है। अपनी पहचान जाहिर नहीं होने देने की शर्त पर उन्होंने ‘मेरे लिए मंगलवार मंगलकारी है।’

Related Articles

Back to top button