उत्तराखंड

अचानक मौसम बदला तो ठंड से कांपा उत्तराखंड

weather-change-in-uttarakhand-5658732d43f33_exlstराजधानी देहरादून सहित पूरे प्रदेश का मौसम शुक्रवार की सुबह कुछ बदला सा नजर आया। जहां दून में गुरुवार की देर रात झमाझम बारिश के साथ शुक्रवार की सुबह बादल छाए रहे।

वहीं प्रदेश के अन्य इलाकों में शुक्रवार को तड़के बारिश हुई। मौसम में अचानक हुए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।

गुरुवार की रात हुई तेज बारिश के बाद शुक्रवार की सुबह भी दून पर बादल महरबान रहे। सुबह से आसमान में छाए बादलों से इतना अंधेरा हो गया जैसे की रात हो। कुछ देर तेज हवाएं भी चलीं, जिसके बाद बारिश शुरू हो गई।

उधर, मौसम विभाग ने आशंका जताई थी कि दून सहित पूरे प्रदेश में शुक्रवार को बारिश के साथ ही ऊंचाई वाली जगहों पर भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने गुरुवार की शाम से आगामी 36 घंटे तक बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

राजधानी सहित पूरे प्रदेश में गुरुवार को बादल छाए रहे। राजधानी में भी बादलों की वजह से ठंड का मौसम रहा। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में कई जगहों पर शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम से आगामी 36 घंटे तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई पर भारी बर्फबारी हो सकती है। राजधानी में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के बीच पारे में सात से नौ डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।

उधर, पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी नगर के आसपास की पहाड़ियों पर बुधवार रात मौसम का पहला हिमपात हुआ। कालामुनि, बेटुलीधार, खलियाटाप, मिलम में खूब हिमपात हुआ है। मुनस्यारी में गुरुवार को भी बादल छाए रहे।

कड़ाके की ठंड से यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उधर, जिला मुख्यालय समेत अन्य इलाकों में गुरुवार को मौसम सामान्य बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

अभी मौसम में कोई बड़ा बदलाव आने वाला नहीं है। इस बीच जिले के सभी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। घाटी वाले इलाकों में सुबह के समय छाने वाले घने कोहरे से तापमान में गिरावट आ रही है और लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।

बिजली कड़कने से फूंके कई उपकरण
मुनस्यारी में तहसील क्षेत्र के सरमोली गांव में बुधवार की शाम बिजली कड़कने के दौरान लोगों के कई उपकरण फुंक गए। लोगों के टीवी, फ्रिज, बल्ब, चार्जर फुंकने से नुकसान हुआ है।

गांव की धनी देवी और सरुली देवी को करंट लगा। यह दोनों मामूली रूप से झुलस गए। तेज आकाशीय बिजली कड़कने से लोगों में दहशत फैल गई।

 

Related Articles

Back to top button