राज्यराष्ट्रीय

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, एक की जान गई

assam floodतेजपुर। ब्रह्मपुत्र एवं इसकी सहायक नदियों के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बारिश होने के बाद उपरी असम और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के एक बड़े हिस्से में पानी भर गया है जिससे असम में बाढ़ की स्थिति आज गंभीर हो गई। एक लड़के की जान चली गई है। लखीमपुर, धीमाजी और सोनितपुर जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। लखीमपुर जिले के नवबोइचा इलाके में बाढ़ के पानी में एक लड़का बह गया। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के डीएफओ एसके सील सरमाह ने बताया कि ब्रह्मपुत्र के जल स्तर में वृद्धि होने से एक सींग वाले गैंडे के लिए प्रसिद्ध उद्यान के निचले इलाकों में पानी भर गया है जिससे जंतु पड़ोसी कार्बी आंगलोंग जिले के ऊंचे स्थानों पर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उद्यान में 50 कैंप में पानी घुस गया है। जंतु राष्ट्रीय राजमार्ग 37 पार कर ऊंचे स्थानों पर जा रहे हैं। राजमार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। लखीमपुर में छह राजस्व क्षेत्रों में करीब एक लाख लोग प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत शिविर में लाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया है और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री बांटी जा रही है। एक आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक धीमाजी जिले में 70 से अधिक गांव बाढ़ के पानी में डूब गए हैं। वहीं सोनितपुर जिले में ब्रह्मपुत्र के बढ़ते जल स्तर से तीन पंचायत प्रभावित हुए हैं।

Related Articles

Back to top button