राष्ट्रीय

आज अखंड ज्योति जला करेंगे छठ मइया की पूजा

chhath-puja-four-day-long-festival-culture-conductor-news-hindi-india-30013कानपुर, जागरण संवाददाता : छठ महापर्व का शुभारंभ शुक्रवार को नहाय खाय के साथ हुआ। छठ माता और भगवान भास्कर का पूजन किया गया। इस पर्व के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने लौकी की सब्जी और भात (चावल) का सेवन किया और छठ मइया को प्रसन्न करने में जुट गए। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर अब रविवार को व्रती महिलाएं घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अ‌र्घ्य देंगी और पूजन करेंगी।

शनिवार को गुड़ की खीर खाने के साथ ही व्रत शुरू होगा। शाम को चौरा में दउरा और सूप में फल, फूल, नारियल और अन्य पूजन सामग्रियां रख दी जाएंगी फिर अखंड ज्योति जलाकर छठ मइया का पूजन अर्चन किया जाएगा। रविवार को डाला छठ पर दउरा लेकर श्रद्धालु अर्मापुर, पनकी, सीटीआई नहर, दबौली वेस्ट नहर, शास्त्री नगर, नमक फैक्ट्री चौराहा पर बनाए गए वैकल्पिक तालाब, सिद्धनाथ घाट, गोलाघाट, मैस्कर घाट, गंगा बैराज आदि घाटों पर पहुंचेंगे वहां महिलाएं भगवान सूर्य को अ‌र्घ्य देंगी। नवविवाहित महिलाएं भी भगवान भास्कर और छठ मइया से पुत्र की प्राप्ति के लिए प्रार्थना करेंगी और अ‌र्घ्य देंगी। घाटों को सजाने का काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार की शाम तक घाट पूरी तरह से सजा दिए जाएंगे।

लोगों ने की सामान की खरीदारी

पूजा में सूप, डलिया, चना, नारियल और विभिन्न प्रकार के फल का उपयोग किया जाता है। शुक्रवार को लोगों ने सूप, डलिया आदि की खरीदारी की। छठ पर्व के मौके पर सामान की कीमतें भी आसमान चढ़ गयी हैं। सूप की कीमत सौ से डेढ़ सौ रुपये में है तो दो सौ से ढाई सौ रुपये में लोगों ने डलिया भी खरीदी। आज श्रद्धालु सेब, अमरूद, नाशपाती, अनानास, चकोत्रा, नारियल व अन्य फलों की खरीदारी करेंगे।

 

Related Articles

Back to top button