राष्ट्रीय

आने वाले हफ्ते में गर्मी के तीखे रहेंगे तेवर, 42 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

अप्रैल में ही झुलसाने वाली गर्मी के लिए तैयार हो जाएं। अगले सप्ताह पारा 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस कारण भीषण गर्मी का अहसास होगा। तेज मैदानी हवाएं चलती रहेंगी।आने वाले हफ्ते में गर्मी के तीखे रहेंगे तेवर, 42 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

23 व 24 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में कहीं-कहीं लू चलने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को भी गर्मी के तेवर कड़े रहे। तापमान में बढ़ोतरी के कारण उत्तराखंड, हरियाणा व दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।

मौसम विभाग की मानें तो तेज हवाओं के कारण अगले 48 घंटों तक तापमान 37-39 डिग्री के बीच बना रहेगा। उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। शुक्रवार को दिनभर आसमान में धूल का गुब्बार बना रहा। इस कारण धूल भरी तेज हवाएं चलती रहीं।

बीच-बीच में तेज धूप ने लोगों का खूब पसीना बहाया। मौसम विभाग ने 20 अप्रैल को धूल भरी हवाएं व कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई थी। हालांकि देर शाम तक बारिश तो नहीं हुई, लेकिन धूल भरी आंधी ने लोगों को परेशान रखा।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने के कारण गर्मी का अहसास ज्यादा हो रहा है। दिल्ली विश्वविद्यालय केंद्र पर तापमान सर्वाधिक 40.3 डिग्री रहा, जबकि पालम व आया नगर केंद्र पर 40.2 व रिज केन्द्र पर 40 डिग्री दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार तक तापमान 37-39 डिग्री के बीच रहने के बाद फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा।

 
 

Related Articles

Back to top button