स्पोर्ट्स

आराम चाहते थे तो अब आराम करें क्रिकेटर, क्योंकि जान है तो जहान है: कपिल देव

नई दिल्ली: कोरोना वायरस से पूरी दुनिया जूझ रही है। दुनिया भर के खेल ठप हो गए हैं। टोक्यो ओलंपिक के बाद अब आइपीएल पर नजर है कि यह स्थगित होगा या नहीं। लगातार क्रिकेट खेलने के बाद अब क्रिकेटर भी आराम कर रहे हैं। हालांकि इन विपरीत परिस्थितियों में भी 1983 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कप्तान कप्तान कपिल देव सकारात्मक हैं। वह इन कठिन पलों का भी लुत्फ उठा रहे हैं और बाकी लोगों के लिए संजीदा हैं। घर में परिवार के साथ समय बिता रहे लेजेंड कपिल देव से अभिषेक त्रिपाठी ने विशेष बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश-

-वर्तमान में जो हालात हैं उसमें आप देशवासियों को क्या संदेश देना चाहेंगे?

-एक ही संदेश हैं। जान है तो जहान है। उसके बिना कुछ भी नहीं है। सभी लोग घर में रहें और अपना ख्याल रखें क्योंकि अगर आपने अपना ख्याल रख लिया तो आपके आस-पास के लोग भी बच जाएंगे। इस कठिन दौर से लोग और ज्यादा जिम्मेदार बनेंगे। लोग अब स्वच्छता को सबक के तौर पर लेंगे। उम्मीद है कि वे अपने हाथों को धोना सीखेंगे, सार्वजनिक जगहों पर थूकना और पेशाब नहीं करना सीखेंगे। हमें अपने आसपास के वातावरण को साफ रखना होगा।

-खाली समय आप कैसे बिता रहे हैं? आप दफ्तर जाते थे और भी बहुत काम आपको रहते थे। अब कैसे समय काट रहे हैं?

-पत्नी के साथ बैठकर समय निकाल रहे हैं। इतने सालों में अब मौका मिला है तो क्यों ना समय का लुत्फ लिया जाए। पहले समय ही नहीं मिल पाता था। आप अब यह शिकायत नहीं कर सकते हैं कि परिवार के साथ रहने का वक्त नहीं है। मैं हर चीज को सकारात्मक तौर पर देखता हूं।

-सारा क्रिकेट रुका हुआ है। ऐसे समय क्रिकेटरों को क्या करना चाहिए?

-क्रिकेटर कहते थे ना कि बहुत क्रिकेट चल रहा है, आराम नहीं मिल पा रहा है। तो भगवान ने दे दिया है आराम, अब आराम करो। आपने आपको सही करो, जिम करो, एक्सरसाइज करो। इसके लिए तो कोई रोकटोक नहीं है। अगर चोट है तो आप उसको सही कर सकते हो। आप सोचते क्या हो? सकारात्मक हो या नहीं। अगर हो तो आपको करने के लिए बहुत चीजें मिल जाएंगी, लेकिन अगर नकारात्मक हो तो रोते रहोगे। यह नहीं होगा वह नहीं होगा, तो मैं तो सकारात्मक हूं, कि यही समय है जो सोचा नहीं था, अगर मिला है तो लुत्फ लो।

-वर्तमान समय में विश्व क्रिकेट को कैसे देखते हो?

-जिंदगी से बड़ा नहीं है विश्व क्रिकेट। पहले खुद को संभालो, दुनिया संभालो। हालात है उसके ऊपर ध्यान लगाओ। फिल्म, क्रिकेट, पार्टी, लोगों से मिलना-जुलना सब बाद में हो जाएगा। अगर जिंदगी ही नहीं रहेगी तो क्रिकेट का क्या करोगे। हमें एक चीज सोचनी है कि जिंदगी होनी चाहिए, बाकी सब वापस आ जाएगा।

-आपको क्या लगता है ओलंपिक स्थगित हो गया है। आइपीएल को भी स्थगित किया जाना चाहिए?

-सकारात्मक सोचना चाहिए। अगर आइपीएल स्थगित हो जाता है तो होने दीजिए। अगर आप बीमार हो जाते हैं तो डॉक्टर बोलता है ना आपको आराम की जरूरत है, सोच लो कि दुनिया बीमार है और भगवान ने आराम करने का समय दिया है, आराम करिए। अगर आपकी सोच सही है तो सब सही है। आप लंबा सोचिए, कैसे इस समय अपनी सोसाइटी के लिए बेहतर कर सकते हैं। हमें एक दूसरे की मदद करने की जरूरत है।

-जैसे दुनिया भर के खिलाड़ी पैसों से सरकार की मदद कर रहे हैं। क्या भारतीय क्रिकेटरों को भी सामने आना चाहिए?

– जरूर, आएंगे ये नहीं कि एक ने कर दिया तो भेड़चाल चले। समय आने पर सब सामने आएंगे। मौका मिलेगा तो सभी जरूर करेंगे। मुझे लगता है कि क्रिकेटर ही क्यों सभी बॉलीवुड के सितारे भी सरकार और लोगों की मदद करें। लोगों ने उनको इतना प्यार दिया है तो उनकी ओर से कुछ जाएगा तो कुछ गलत नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button