उत्तर प्रदेश

क्रैश होकर खेत में गिरा विमान, दोनों पायलट सुरक्षित

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना (आईएएफ) का एक माइक्रोलाइट विमान दुर्घटना का शिकार हो गया। शुक्रवार (पांच अक्टूबर) को उड़ान के दौरान उसमें तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके बाद विमान खेत में क्रैश हो गया। हालांकि, इससे पहले ही दोनों पायलट पैराशूट के जरिए विमान से निकल गए थे। वे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। तकनीकी खामी की वजह क्या रही, इसकी जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस का था। घटना के दौरान उसमें कुल तीन लोग थे, जो फिलहाल सही-सलामत हैं। हालांकि, हादसे के बाद विमान में कुछ मामूली नुकसान हुआ है। दो पायलट के अलावा विमान में तीसरा शख्स कौन था, यह अभी पता नहीं चल पाया है। विमान ने चांदीनगर एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी थी। आपको बता दें कि आठ अक्टूबर को वायुसेना दिवस है। इन दिनों जोर-शोर से उसी की तैयारियां हो रही हैं। वायु सेना के जवान उसी को लेकर अभ्यास में लगे हैं। यह माइक्रोलाइट विमान भी उन्हीं तैयारियों का में जुटा था। वहीं, विमान हादसे के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। फौरन एसपी शैलेश पांडेय और एसएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव भारी पुलिस बल संग घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। हालांकि, वायु सेना ने इसे हादसे के बजाय जबरन लैंडिंग का मामला बताया। अपने बयान में आईएएफ ने कहा, “विमान नियमित उड़ान पर था। पर उसमें कुछ समस्या आ गई थी। वह इसके बाद बागपत में उतारा गया। दोनों पायलट सुरक्षित हैं और जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच कर्नल स्‍तर का अधिकारी करेगा।”

Related Articles

Back to top button