अन्तर्राष्ट्रीयफीचर्ड

जर्मनी में म्यूनिख के मॉल में हुई गोलीबारी में 9 लोगों की मौत, 18 वर्षीय बंदूकधारी ने की आत्महत्या

munich-shooting-afp_650x400_41469211435एजेंसी/ म्यूनिख: जर्मनी की पुलिस ने शनिवार को बताया कि म्यूनिख के मॉल में गोलीबारी करने वाला हमलावर संभवत: इकलौता बंदूकधारी था। 9 लोगों की हत्या करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। म्यूनिख पुलिस प्रमुख हुबेर्टस आंद्रेस ने कहा कि संदिग्ध हमलावर 18 वर्षीय जर्मन-ईरानियन नागरिक था, जो म्यूनिख का ही रहने वाला था। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हमलावर के मकसद का अब तक पता नहीं चला है।

पिछले करीब एक हफ्ते में यूरोप के किसी बड़े शहर में यह तीसरा बड़ा हमला है। शुरुआत में म्यूनिख के ओलंपिया (ओईजेड) मॉल में तीन बंदूकधारियों के घुसने की खबर थी, जिसके बाद पुलिस ने जबरदस्त अभियान चलाया। पुलिस ने ट्विटर के जरिए जानकारी दी कि हमें एक व्यक्ति की लाश मिली है, जिसने खुद को गोली मार ली थी। संभवत: वह इकलौता बंदूकधारी था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम को शुरू हुई गोलीबारी में 9 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में 16 लोग घायल भी हुए हैं। एकलौते बंदूकधारी के शव के पास पड़े मिले उसके बैकपैक की जांच के बाद पुलिस ने कहा कि बंदूकधारी इकलौता हमलावर हो सकता है। जर्मन डीपीए न्यूज एजेंसी के अनुसार बंदूकधारी का शव मॉल से करीब एक किमी दूर बरामद किया गया है।

इस हमले में किसी भारतीय के हताहत होने की फिलहाल कोई खबर नहीं है। वहीं भारतीय उच्चायोग ने म्यूनिख हमले के मद्देनजर भारतीय नागरिकों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0171 2885973, 01512 3595006, 0175 4000667 जारी किया। गोलीबारी के बाद पुलिस ने शॉपिंग मॉल के आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया है
पुलिस ने चेतावनी दी कि इस दक्षिणी जर्मन शहर में हुई गोलीबारी ‘आतंकी हमला’ हो सकती है, जहां पुलिस सड़कों पर हमलावरों की तलाश में जुटी है और भयभीत लोगों के मॉल से भागते देखा जा सकता है। म्यूनिख पुलिस के प्रवक्ता ने एएफपी से कहा, ‘हमें आतंकवाद की आशंका है।’

पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘मेकडॉन्ल्ड रेस्त्रां पर अंतरराष्ट्रीय समयानुसार शाम 4 बजे गोलीबारी शुरू हुई और इसके बाद हमलावर पास की सड़क पर गोली दागते हुए OEZ शॉपिंग सेंटर में घुस गए।’ इससे पहले एएफपी ने द बिल्ड अखबार के हवाले से बताया कि ओलिंपिक स्टेडियम के पास स्थित मॉल के अंदर हमलावरों ने कई लोगों पर गोलियां चलाईं और इसके बाद वे पास के एक मेट्रो स्टेशन की तरफ भाग गए। हमले के शुरुआती चंद मिनटों के दौरान ही म्यूनिख के मुख्य ट्रेन स्टेशन को खाली करा लिया गया और शहर में बस एवं मेट्रो यातायात को रोक दिया गया  था। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने उस शॉपिंग सेंटर को खाली कराकर आस-पास के इलाके को घेर लिया है। मॉल के बाहर की सड़कों पर आपातकालीन वाहनों को देखा जा सकता है। यह शॉपिंग सेंटर म्यूनिख ओलिंपिक स्टेडियम के पास ही स्थित है, जहां 1972 के ओलिंपिक खेलों के दौरान फिलिस्तीनी चरमपंथी समूह ‘ब्लैक सेप्टेंबर’ ने 11 इस्राइली एथलीटों को बंधक बनाकर मार डाला था।

जर्मनी में एक हफ्ते के अंदर हुआ यह दूसरा हमला है। इससे पहले अफगानिस्तान का 17 वर्षीय एक शरणार्थी ने ट्रेन में यात्रियों पर कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले के बाद किशोर ने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पुलिस ने उसे मार गिराया। छानबीन में पाया गया कि लड़का आतंकी संगठन आईएसआईएस से प्रभावित था। हालांकि जर्मनी के आंतरिक मामलों के मंत्री थॉमस डी मेजियेर ने इसे अकेले हमलावर का काम बताया था।

Related Articles

Back to top button