अन्तर्राष्ट्रीय

धरती छोड़कर चले गए जो चांद पर चले थे कभी…एडगर मिशेल नहीं रहे

edgar-mitchell-reuters_650x400_61454723171दस्तक टाइम्स एजेन्सी/मियामी: चंद्रमा की सतह पर चलने वाले अमेरिकी अंतरिक्षयात्री एडगर मिशेल का 85 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार और नासा ने यह जानकारी दी है। चंद्रमा की सतह पर अब तक केवल 12 लोगों ने पैर रखा है जिनमें से एक मिशेल थे। नासा ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मिशेल कुछ समय से बीमार चल रहे थे और गुरूवार को उनका निधन हो गया। इसके अगले ही दिन चंद्रमा पर उनके उतरने की 45वीं सालगिरह थी।

वह 1971 में चंद्रमा से जुड़े अपोलो 14 मिशन के सदस्य थे। उनके साथ मिशन में ए शेपर्ड जूनियर और स्टुअर्ट रोसा शामिल थे। रोसा का 1994 में जबकि शेपर्ड का 1998 में निधन हो गया। मिशेल इस मिशन के आखिरी जीवित सदस्य थे। नासा के प्रमुख चार्ल्स बोल्डेन ने कहा ‘वह अन्वेषण में विश्वास रखते थे, मनुष्य को चंद्रमा पर भेजने के राष्ट्रपति कैनेडी के आह्वान के बाद वह नासा से जुड़े थे। वह अंतरिक्ष अन्वेषण के पुरोधाओं में से एक थे।’ मिशेल ने कई किताबें लिखीं जिनमें 1996 में आया उनका संस्मरण ‘द वे ऑफ दि एक्सप्लोरर’ शामिल है। उनके परिवार में दो बेटियां, गोद लिए गए तीन बेटे और नौ नाती-पोते शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button