उत्तर प्रदेश

पुलिस के हत्थे चढ़े जेवर कांड के 4 आरोपी, एक मुठभेड़ में घायल

ग्रेटर नोएडा : दो महीने बाद जेवर गैंग रेप केस के आरोपियों को पकड़ने में गौतमबुद्ध नगर पुलिस को कामयाबी मिल गई है। शनिवार की रात करीब तीन बजे जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। एक बदमाश को गोली लगी है। उसे दिल्ली के गुरू तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। 24 मई की रात ग्रेटर नोएडा में जेवर के पास बुलंदशहर रोड पर कुछ हथियारबंद बदमाशों ने कार से जा रहे दो परिवारों की चार महिला सदस्यों के साथ गैंग रेप किया था। कार पर कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें चार महिलाएं थीं। इन लोगों से लूटपाट की गई थी। लूटपाट और रेप का विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के मुखिया की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस वारदात ने योगी आदित्यनाथ सरकार को यूपी की खराब कानून व्यवस्था के लिए सवालों के सामने खड़ा कर दिया था।
गौतमबुद्ध नगर के एसएसपी लव कुमार ने बताया कि हम लोगों ने जेवर गैंग रेप केस को अंजाम देने वाले गिरोह की पहचान कर ली थी। यह बावरिया गिरोह है, जो एक जगह नहीं ठहरता है। शनिवार की देर करीब 2 बजे हमें जानकारी मिली कि बावरिया गिरोह जेवर क्षेत्र में आया है। फिर किसी वारदात को अंजाम देगा। हमने पर्याप्त फ़ोर्स लगाकर गिरोह की घेराबंदी की। यमुना एक्सप्रेस वे का पास इन लोगों को घेर लिया गया। एसएसपी ने बताया कि खुद को फंसता देखकर बदमाशों ने गोलियां दागी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और इन्हें हथियार डालने के लिए मजबूर किया। एक बदमाश को गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। 2 बदमाश रात का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गए। उनकी तलाश के लिए कॉम्बिंग चल रही है। जल्दी गिरफ़्तारी हो जाएगी। बाकी 3 आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इनके नाम राजू, राकेश, दीपक और जय सिंह हैं। सभी बावरिया हैं। इस जघन्य वारदात को अंजाम देकर यह गिरोह हरियाणा भागा। जब इन लोगों ने मीडिया में मामला तूल पकड़ता देखा तो राजस्थान फरार हो गए। अब जब करीब 2 महीने बीत गए तो इन्हें लगा कि मामला ठंडा पड़ गया है लेकिन पुलिस लगातार इनका पीछा कर रही थी।
टीम को मिलेगा 50 हजार इनाम
इन अपराधियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 50 हजार रुपये का ईनाम मिलेगा। मेरठ के अपर पुलिस महानिदेशक ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस पता लगा रही है कि इन लोगों ने और कौन सी वारदातों को अंजाम दिया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को आज अदालत में पेश करके रिमांड लिया जाएगा। उसके बाद बाकी तथ्य सामने आएंगे।

Related Articles

Back to top button