टॉप न्यूज़फीचर्डराष्ट्रीय

भारत के अधिकतर हिस्सों में लू की स्थिति, पंजाब और हरियाणा में बारिश पहुँचाएगी राहत…

देश का बड़ा हिस्सा मंगलवार को भी लू की चपेट में रहा। राजस्थान के चूरू में 48 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि कुछ इलाकों में बारिश से लोगों को राहत भी मिली है। जम्मू क्षेत्र में धूल भरी हवाएं चलीं, जिसके कारण एक पेड़ गिर गया। इससे एक नाबालिग की मौत हो गई और उसकी मां घायल हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि इससे वैष्णो देवी की यात्रा भी प्रभावित हुई। तीर्थ स्थल पर मौजूद छह दुकानों की छतों को पेड़ गिरने से नुकसान पहुंचा। दिल्ली में मर्करी ने अधिकतम 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान को छू लिया है। जो कि सामान्य से अधिक है। लेकिन ईद के दिन गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। साथ ही बिजली गरजने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।

वहीं कई इलाकों जैसे जम्मू एवं कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और गुजरात के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। लेकिन राजस्थान में चूरू अभी भी 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गर्म स्थान बना हुआ है। कोटा में भी 47.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, गंगानगर, जयपुर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8, 46.5, 45 और 44.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं दिन के समय अजमेर में 44.5 और जैसलमेर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस था। जम्मू में अधिकतम 40.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर – फोटो : File Photo
अधिकारियों के अनुसार तेज हवाओं से राइसी, उदमपुर और जम्मू के इलाकों में कई पेड़ गिर गए और टीन की छतें भी उड़ गईं। इसके बाद कई घंटो तक पानी और बिजली की सप्लाई भी बाधित रही। विभाग के अनुसार बुधवार को जम्मू में हल्की बारिश और बिजली गरजने के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी की स्थिति ऐसे ही बनी रही, हालांकि यहां के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। आईएमडी के अनुसार हरियाणा के नरनौल में गर्मी ऐसे ही बनी रही, यहां का अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। हिसार में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस था, जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं भिवानी में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

अंबाला में हल्की बौछारें पड़ीं लेकिन अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस ही था। सोमवार-मंगलवार की रात चंडीगढ़ में तेज गति से चलने वाली हवा के साथ धूल भरी आंधी आई। यहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस ही था। जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। शहर में 11.3 मिमी बारिश पड़ी। हिमाचल प्रदेश और उना में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दिन गर्म रहा, वहीं केलोंग में 5.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा दिन रहा।

अगर बारिश की बात करें तो हिमाचल के पंदोह में सबसे अधिक 39 मिमी बारिश हुई। मंडी में 25 मिली, बंजर और जोगिंदरनगर में 24 मिमी, बैजनाथ में 22 मिमी और मेहरे में 21 मिमी बारिश हुई। मंगलवार को शिमला का तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस था।

पर्यटक स्थलों में अधिकतम तापमान मनाली में 25.8 डिग्री सेल्सियस, डलहौजी में 21.9 डिग्री सेल्सियस और कुफरी में 21.4 डिग्री सेल्सियस था। गुजरात में मंगलवार को गर्मी कम होने के कारण लोगों को कुछ राहत मिली। गुजरात के सुंदरनगर में अधिकतम तापमान बीते हफ्ते 45.8 डिग्री सेल्सियस था, जो अब कम होकर 42.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। यहां सोमवार को तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस था। हालांकि राज्य के कई हिस्सों में तापमान अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस ही बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई ज्यादा बड़ा बदलाव नहीं होगा।

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि राजस्थान, मध्यप्रदेश, विदर्भ में बुधवार को भी लू की स्थिति ऐसे ही बनी रहेगी, लेकिन इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी। वहीं दक्षिणी हरियाणा में शुक्रवार तक लू की स्थिति जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button