स्पोर्ट्स

मुक्केबाज गौरव जर्मनी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे

भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी के मुक्केबाज गौरव चौहान 13 से 18 मार्च, 2017 तक जर्मनी में आयोजित केमेस्ट्री कप बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। गौरव प्रदेश के एक मात्र खिलाड़ी है जिनका चयन दस सदस्यीय भारतीय खिलाड़ियों के दल में हुआ है।

चैम्पियनशिप में गौरव 91 किलोग्राम भारवर्ग में खेलेंगे। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान यशोधरा राजे सिंधिया ने गौरव के भारतीय टीम में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने जर्मनी में आयोजित केमेस्ट्री कप बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करने के लिए गौरव को प्रोत्साहित किया है और पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन ने भी गौरव के भारतीय बॉक्सिंग टीम में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

भारतीय टीम में देश के जिन 9 अन्य खिलाड़ियों का चयन हुआ है। उनमें अमित (49 किलोग्राम), दीपक सिंह (52 किलोग्राम), अक्षय (56 किलोग्राम), अंकुश दरिया (60 किलोग्राम), एम. थॉमस मथाई ( 64 किलोग्राम), दुर्योधन सिंह (69 किलोग्राम), जयदीप (75 किलोग्राम), रेयाल पुरी (81 किलोग्राम) और प्रवीण कुमार (91 किलोग्राम) शामिल हैं। गौरतलब है कि औरंगाबाद के साई में आयोजित इंडिया कैम्प में उक्त खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन हुआ है। गौरव बॉक्सिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक रोशनलाल से प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button