अन्तर्राष्ट्रीयफीचर्ड

यमन : आज भी जारी रहेगा ‘ऑपरेशन राहत’

operation yamannनई दिल्ली/सना : यमन से भारतीयों को सुरक्षित निकालने का अभियान ‘ऑपरेशन राहत’ गुरुवार को भी जारी रहेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने इसकी जानकारी दी। इस बीच, खबर है कि छह सदस्यीय सशस्त्र समूह ने एक भारतीय को बंधक बना लिया है। अकबरुद्दीन ने बताया कि भारतीयों को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका था और बुधवार को इसे समाप्त करने की योजना थी। लेकिन 140 नर्सो के अनुरोध पर अभियान को एक दिन और बढ़ाने का फैसला किया गया है। इससे पहले सरकार ने कहा था कि बुधवार को यमन से भारतीयों के आखिरी दस्ते को निकालने के साथ ही वायुसेना और नौसेना के संयुक्त अभियान ऑपरेशन राहत को रोक दिया जाएगा। अकबरुद्दीन के मुताबिक, मंगलवार की रात तक करीब चार हजार भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। वहीं, केरल के मल्लपुरम में रहने रहमान ने बताया कि उनका बेटा सलमान अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ पिछले सात साल से यमन में रह रहा था। उसकी पत्नी ने सूचना दी है कि 24 मार्च को छह हथियारबंद जबरन उनके घर में घुस गए और उन्हें बंधक बना लिया। बाद में सलमान को छोड़ बाकी सदस्यों को रिहा कर दिया गया।
मोदी ने शरीफ को कहा धन्यवाद
पाक सेना द्वारा यमन से 11 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ का शुक्रिया अदा किया है। मोदी ने बुधवार को ट्वीट किया पाकिस्तान की मदद की बदौलत यमन से लौटे 11 भारतीयों का स्वागत है। मानवता की भावना दिखाने के लिए धन्यवाद नवाज शरीफ। मानवता की सेवा सीमाओं को नहीं जानती। उल्लेखनीय है कि शरीफ ने विशेष विमान से इन भारतीयों को कराची से नई दिल्ली भेजने की व्यवस्था की थी।

Related Articles

Back to top button