उत्तर प्रदेश

राज्य स्तरीय स्पेलिंग प्रतियोगिता में सीएमएस छात्राएं नगद पुरस्कार से सम्मानित

लखनऊ । सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) की तीन मेधावी छात्राओं तनीषा शुक्ला, प्रीति गौतम एवं शिवाक्षी सिंह को राज्य स्तर पर आयोजित ‘विज नेशनल स्पेल बी प्रतियोगिता’ में शानदार प्रदर्शन हेतु क्रमशः रु. 1000/-, रू. 750/- एवं रू. 500/- के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस प्रकार सी.एम.एस. की इन प्रतिभाशाली छात्राओं ने अपने इंग्लिश ज्ञान के आधार पर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में लखनऊ, कानपुर, लखीमपुर खीरी, इलाहाबाद एवं वाराणसी आदि विभिन्न जिलों से पधारे छात्रों ने प्रतिभाग किया तथापि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सी.एम.एस. की इन प्रतिभाशाली छात्राओं ने अपने इंग्लिश ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर की प्रतियोगिता में क्वालीफाई कर नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अर्हता अर्जित की है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्रों को उनके अंग्रेजी ज्ञान, स्पेलिंग, ग्रामर, पजल्स, फोनेटिक्स सिम्बल, बोलने की क्षमता, राइमिंग वर्डस, जंबल लेटर्स आदि विभिन्न मानकों पर आंका गया। प्रतियोगिता का नेशनल राउण्ड कोलकाता में आयोजित किया जायेगा। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. अपने प्रत्येक छात्र को मातृ भाषा हिन्दी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा का सर्वश्रेष्ठ ज्ञान प्रदान कर रहा है, साथ ही वैज्ञानिक युग के महत्व को स्वीकारते हुए छात्रों का दृष्टिकोण वैज्ञानिक एवं विश्वव्यापी बनाने के उद्देश्य से जोरदार प्रयास किये जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों की बदौलत सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों ने अनेकों राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई हैं।

 

Related Articles

Back to top button