फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुरली देवड़ा का मुंबई में निधन

murali deoraमुंबई। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली देवड़ा का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी तथा दो बेटे हैं जिनमें पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा भी शामिल हैं। मुरली भाई के रूप में जाने जाने वाले मुरली देवड़ा ने सुबह तीन बजकर 25 मिनट पर अंतिम सांस ली। वह बीमार चल रहे थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें दो दिन पहले ही अस्पताल से घर पर लाया गया था। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। मुरली देवड़ा के पार्थिव शरीर को मुंबई कांग्रेस कार्यालय में रखा जाएगा जहां पार्टी कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से दोपहर बाद दो बजे तक अपने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। बाद में दिन में उनका अंतिम संस्कार चंदनवाड़ी शमशान घाट पर किया जाएगा। अपने दशकों लंबे राजनीतिक करियर में कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभालने वाले देवड़ा ने पहली बार 1975 में मुंबई में नगर निकाय का चुनाव लड़ा था। अर्थशास्त्र में स्नातक डिग्रीधारी देवड़ा 1977 से 78 के बीच मुंबई के मेयर रहे और दक्षिण मुंबई से चार बार लोकसभा के लिए चुने गए। इसी सीट का प्रतिनिधित्व उनके बेटे मिलिंद ने किया जो पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं। देवड़ा इस समय राज्यसभा के सदस्य के रूप में अपना तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवड़ा ने संप्रग 1 सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री का पदभार संभाला था। वह 22 सालों तक मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। एजेंसी

Related Articles

Back to top button