राजनीति

वाराणसी से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी! कपिल सिब्बल के ट्वीट से लगायी जा रही अटकलें

नई दिल्ली : एक तरफ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जहां तीन लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका वाड्रा गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ सकती हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधी चुनौती दे सकती हैं। गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में इसी तरह की चुनौती अरविंद केजरीवाल ने मोदी को दी थी लेकिन परिणाम क्या निकला, यह सभी जानते हैं। हालांकि अभी हाल ही में खबरें आयी थीं कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की सत्ता की जिम्मेदारी होने के नाते अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीँ प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में उतरने की खबर के साथ ही कांग्रेस पार्टी जबरदस्त जोश में नजर आ रही है। अब ऐसी अटकलें भी चल रही हैं कि पार्टी प्रियंका को मोदी के खिलाफ वाराणसी से मैदान में उतार सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने ट्वीट कर इस दिशा में संकेत भी दिए हैं। 2014 में मोदी के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय ने इसके लिए राहुल गांधी को प्रस्ताव भेजने की बात कही है। कपिल सिब्बल ने ट्वीट किया, ‘मोदीजी और अमित शाह ने कहा था, कांग्रेस मुक्त भारत! अब प्रियंका गांधी की उत्तर प्रदेश (पूर्वी) में आने के बाद हम देखेंगे मुक्त वाराणसी? मुक्त गोरखपुर?’ राजनीतिक गलियारों में इन दिनों ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका को पूर्वी यूपी की किसी सीट से उतारा जा सकता है। ऐसी भी चर्चा है कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ मुकाबले में उन्हें वाराणसी से पार्टी अपना चेहरा बना सकती है। प्रियंका को पूर्वी यूपी की कमान सौंपी गई है और उन्हें कांग्रेस का महासचिव भी बनाया गया है। बुधवार को राहुल गांधी ने भी मीडिया से बातचीत में कहा था कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अब फ्रंटफुट पर खेलेगी। प्रियंका अब तक प्रदेश में सिर्फ रायबरेली और अमेठी के क्षेत्रों में ही चुनाव प्रचार करती थीं। इस बार उन्हें बीजेपी का गढ़ माने जा रहे पूर्वी यूपी की कमान दी गई है।

Related Articles

Back to top button