
सी.एम.एस. गोमती नगर में विश्व एकता सत्संग
लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर ऑडिटोरियम में आयोजित ‘विश्व एकता सत्संग’ में मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका व बहाई धर्मानुयायी डा. भारती गाँधी ने कहा कि विश्व एकता में ही सबकी विजय है और सबकी भलाई है। इसीलिए आज विश्व को एकता के सूत्र में बांधने की परम आवश्यकता है। बहाउल्लाह ने कहा है कि एकता का प्रकाश इतना शक्तिशाली है कि यह पूरी पृथ्वी को प्रकाशित कर सकता है। एकता में ही शक्ति है तथा एकता, शान्ति एवं प्रेम से ही विश्व मानवता का विकास संभव है। डा. भारती गाँधी ने कहा कि जहाँ एकता होगी, वहीं प्रेम व सहानुभूति होगी, फिर कोई युद्ध नहीं होगा और सभी की विजय होगी। एकता व शान्ति स्थापना से युद्ध खत्म हो जाएंगे और युद्ध में खर्च होने वाली धनराशि मानवता के कल्याण एवं विकास पर खर्च होगी। इन्हीं उद्देश्यों के अनुरूप सी.एम.एस. के बच्चों को नैतिक शिक्षा दी जाती है। यही बच्चे आगे चलकर वसुधैव कुटुम्बकम एवं जय जगत की पद्धति पर चलकर एक दिन दुनिया में एकता एवं शान्ति स्थापित करेंगे।
इससे पहले, सी.एम.एस. के संगीत शिक्षकों ने एक से बढ़कर एक समुधर भजनों का अनूठा समां बांधा जिसने सम्पूर्ण ऑडिटोरियम को भक्तिभाव से सराबार कर दिया। प्रभु महिमा का बखान करते एक से बढ़कर एक भजनों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विश्व एकता सत्संग में आज सी.एम.एस. महानगर कैम्पस के छात्रों ने शिक्षात्मक-आध्यात्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूल प्रार्थना से कार्यक्रम की शुरूआत करके बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। इसके उपरान्त छात्रों ने भजन ‘वाकिंग विद द…’, सुविचार, प्रार्थना नृत्य, लघु नाटिका आदि की शानदार प्रस्तुतियों से सभी आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर दिया एवं सभी ने बच्चों की प्रतिभा की दिल खोलकर तारीफ की। इस अवसर पर विभिन्न धर्मानुयाइयों एवं विद्व जनों ने भी अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किये। सत्संग का समापन संयोजिका सुश्री वन्दना गौड़ के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।