ज्ञान भंडार

‘हीरो’ के असली हीरो बृज मोहन लाल मुंजाल का निधन

दस्तक टाइम्स/एजेंसी-पंजाबbm-munjal-5636e5272de58_exlst: हीरो ग्रुप को तराशकर बुलंदियों पर पहुंचाने वाले असली हीरो बृज मोहन लाल मुंजाल का रविवार शाम निधन हो गया। रविवार शाम करीब सात बजे दिल्ली में उन्होंने अंतिम सांस ली।

पद्मभूषण से सम्मानित बृज मोहल लाल मुंजाल हीरो मोटरकार्प लिमिटेड के चेयरमैन थे। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के लोधी रोड स्थित शमशान घाट में सोमवार शाम चार बजे किया जाएगा। हीरो साइकिल्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायेक्टर एसके राय ने इसकी पुष्टि की है। उनके निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

बृज मोहन लाल मुंजाल पिछले कई दिनों से बीमार थे और दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके चार बेटों रमन कांत मुंजाल, सुनील कांत मुंजाल, पवन कांत मुंजाल और सुमन कांत मुंजाल में से रमनकांत का पहले ही निधन हो गया था।

 

उनके छोटे भाई और हीरो साइकिल्स लिमिटेड के चेयरमैन ओम प्रकाश मुंजाल का इसी साल चार माह पहले अगस्त 2015 में निधन हो गया था। बृज मोहन लाल मुंजाल का जन्म एक जुलाई 1923 को पाकिस्तान के कमालिया में हुआ था।

इसके बाद वे अमृतसर और फिर लुधियाना में आकर बस गए। बाद में उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। 2004 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय ने उनको डाक्टरेट की डिग्री से सम्मानित किया था।

हीरो ग्रुप ने कुछ साल पहले ही गुड़गांव में उनके नाम से बृज मोहन लाल यूनिवर्सिटी की शुरुआत की है। मुंजाल दो साल पहले तक हीरो ग्रुप की तमाम कंपनियों के चेयरमैन रहे थे और पूरे ग्रुप को ऊंचाईयों पर ले जाने का जिम्मा उन्हीं के पास था।

 

Related Articles

Back to top button