अंतरिक्षयात्रियों से लाइव चैट करेंगे जकरबर्ग
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/06/1-zuckerberg.jpg)
वॉशिंगटन। फेसबुक के संस्थापक मार्क जकरबर्ग अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर रह रहे तीन अंतरिक्ष यात्रियों से आज यानी एक जून 2016 को लाइव चैट करेंगे। इस दौरान वह नासा के फेसबुक पेज पर दर्शकों द्वारा डाले गए सवालों को अंतरिक्ष यात्रियों से पूछेंगे।
यह वीडियो सेशन 20 मिनट तक चलेगा। इस दौरान जकरबर्ग नासा के दो अंतरिक्ष यात्री टिम कोपरा और जेफ विलियम्स और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के एक अंतरिक्ष यात्री टिम पीक से सवाल-जवाब करेंगे।
रात 10.25 बजे होगी लाइव चैट
फेसबुक लाइव विडियो कॉल के दौरान जकरबर्ग दर्शकों को खुद लाइवस्ट्रीम करने में सक्षम बनाने के लिए फेसबुक लाइव का इस्तेमाल करेंगे। नासा ने एक बयान में कहा कि जकरबर्ग एक जून को स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.55 मिनट (भारतीय समयानुसार रात 10.25 बजे) पर इन अंतरिक्ष यात्रियों से बातचीत शुरू करेंगे।
ये सवाल पूछे गए हैं
फेसबुक के दर्शकों ने अंतरिक्ष यात्रियों के लिए रोमांचक सवाल डाले हैं। मसलन, आईएसएस पर न्यूटन के बकेट एक्सपेरिमेंट का क्या नतीजा है? अंतरिक्ष स्टेशन पर खाया जाने वाला भोजन कौन उपलब्ध कराता है? अंतरिक्ष में होने वाली रिसर्च इंसानों को मंगल ग्रह पर भेजने में कैसे मददगार होगी?