
अफजल के नारे लगाने वाले भाजपा के एजेंट: आजम

उन्होंने कहा कि जेएनयू कैंपस में अफजल गुरु और पाकिस्तान के पक्ष के नारे लगाने वाले भाजपा के एजेंट हैं। इन एजेंटों ने पहले कैंपस में नारेबाजी की और अब इल्जाम दूसरों पर लगा रहे हैं।
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान आजम खां ने कहा कि जेएनयू सेक्युलर शैक्षिक संस्था है।
भाजपा जो बात कह रही है उसकी जांच होनी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी की भाषा जेएनयू पर नहीं चलेगी। भाजपा जेएनयू को बंद करवाना चाहती है।
जैसा एएमयू के साथ हुआ, जामिया के साथ हुआ, वही जेएनयू के साथ होने जा रहा है। भाजपा की कोशिश एजूकेशन पैटर्न को बदलना है। भाजपा शिक्षा का केसरियाकरण करना चाहती है।
गौरतलब है कि 10 फरवरी को जेएनयू कैंपस में एक कार्यक्रम के दौरान अफजल गुरु और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए गए थे।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया लाल को गिरफ्तार कर लिया है। पत्रकारों से बातचीत में आजम खां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बिना किसी को जानकारी दिए अफगानिस्तान से पाकिस्तान पहुंच गए। ऐसा करना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि एक उद्योगपति के कहने पर नरेंद्र मोदी अफगानिस्तान से पाकिस्तान गए थे। पूंजीपति चाहता है अफगानिस्तान से एक पाइप लाइन पाकिस्तान होते हुए हिंदुस्तान तक आ जाए।