अमेरिका में गोलीबारी की घटनाओं में तीन की मौत
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2015/08/am2.jpg)
हयूस्टन। एक पुलिसकर्मी समेत तीन लोग अमेरिका में गोलीबारी की अलग-अलग घटनाआें में आज मारे गए। इससे एक दिन पहले ही एक बंदूकधारी ने दो टीवी पत्रकारों की हत्या कर दी थी। अमेरिका में हो रही इन घटनाओं से देश में बंदूक से जुड़ी हिंसा के बढ़ते मामले सुर्खियों में आ गए हैं।
पहली घटना में एक बंदूकधारी ने अमेरिकी राज्य लुइसियाना के दक्षिणपूर्वी उपनगर सनसेट में दो लोगों की हत्या कर दी।
सेंट लैंड्री पेरिश के शेरिफ बॉबी गाइद्रोज ने कहा कि हमलावर की पहचान हैरीसन ली वाइले जूनियर के रूप में हुई। हमलावर अपनी कार चलाकर सनसेट स्थित एक स्टोर में आया था। उसने खुद को स्टोर के भीतर बंद कर लिया।
उन्होंने कहा कि सनसेट पुलिस के अधिकारी हेनरी विलसन :51: की घटनास्थल पर मौत हो गई और धारदार हथियार से घायल की गई तीन महिलाएं गंभीर हालत में मिलीं।
एक घायल महिला शैमेका जॉनसन :40: की अस्पताल में मौत हो गई थी। उनकी बहन सुर्ले जॉनसन :34: की हालत गंभीर है। दोनों महिलाएं सनसेट के पूर्वोत्तर में स्थित शहर ग्रैंड कोटेउ में अंतरिम मेयर के रूप में कार्यरत शैटेरल जॉनसन की बहनें हैं।
जब हमलावर ने स्टोर छोड़ने से इंकार कर दिया तो अधिकारियों ने स्टोर पर आंसू गैस के गोले छोड़े और कार्रवाई की।
उन्होंने कहा कि बाद में पुलिस ने बंदूकधारी पर काबू पाते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
लुइसियाना के भारतीय-अमेरिकी गवर्नर बॉबी जिंदल ने गोलीबारी की इस घटना पर प्रतिक्रिया जताते हुए टिवटर पर कहा, हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सनसेट पुलिस अधिकारी हेनरी और अन्य पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं क्योंकि वे इस निरर्थक त्रासदी को क्षेल रहे हैं।
गोलीबारी की एक अन्य घटना टेक्सास में हयूस्टन के दक्षिणी पश्चिमी हिस्से में स्थित स्कूल पार्किंग की है। यहां एक व्यक्ति गोलीबारी में मारा गया।
स्कूल के अधिकारियों ने कहा कि गोलीबारी से परिसर के कामकाज पर असर नहीं पड़ा है।
इसी बीच टेक्सास सदर्न यूनिवर्सिटी के परिसर में गोलीबारी की घटना के बाद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया।