अन्तर्राष्ट्रीय

अमेरिका में स्कूल के बाहर गोलीबारी, चार किशोर घायल

american flagपोर्टलैंड : अमेरिका के ओरेगन प्रांत में एक हाईस्कूल के समीप शनिवार को हुई गोलीबारी में चार किशोर घायल हो गए। इनमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पोर्टलैंड स्थित रोजमेरी एंडरसन हाईस्कूल के पास एक व्यक्ति ने गोलियां चलाईं जिससे यह घटना घटी। पोर्टलैंड पुलिस ब्यूरो के प्रवक्ता पीट सिम्पसन ने कहा कि हाईस्कूल के बाहर चार किशोर घायल अवस्था में पड़े थे। इन्हें गोली लगी थी। इनमें से तीन की हालत गंभीर थी जबकि एक लड़की मामूली रूप से घायल हुई थी। हालांकि वे होश में थे और सांस ले रहे थे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल किशोरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जबकि मामूली घायल लड़की का मौके पर ही उपचार किया गया। फिलहाल स्पष्ट नहीं है कि ये सभी इसी स्कूल के छात्र हैं या नहीं। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। लेकिन उसे शनिवार को पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। लीजेसी एमेनुएल मेडिकल सेंटर के चिकित्सा अधिकारी ने गोलीबारी में घायल किशोरों के अस्पताल लाए जाने की पुष्टि की। अधिकारियों ने बताया कि एक लड़की की हालत गंभीर है। बाकी छात्र स्थिर हैं। रोजमेरी एंडरसन हाईस्कूल एक विशेष स्कूल है जहां पारंपरिक स्कूलों में विफल रहने वाले, बेघर या एकल अभिभावकों के बच्चों को भेजा जाता है। पोर्टलैंड में गिरोहों के बीच हिंसा की घटनाएं होती रही हैं। इस साल यहां ऐसी 52 घटनाएं हुई हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 35 घटनाएं हुई थीं। एजेंसियां

Related Articles

Back to top button