अन्तर्राष्ट्रीयफीचर्ड

अमेरिकी कांग्रेस में संबोधन का मोदी को न्योता

pm_modi_or_us_congress_29_04_2016वाशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी संसद की संयुक्त सभा को 8 जून को संबोधित करने का न्योता दिया है। मोदी अमेरिकी सीनेट को संबोधित करने वाले भारत के पांचवें प्रधानमंत्री होंगे। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर पॉल रायन ने गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतंत्र के निर्वाचित नेता को सुनने का अवसर देगा। वह प्रधानमंत्री मोदी का आठ जून को अमेरिकी संसद में स्वागत करने के लिए आशांवित हैं। उनके भाषण से दोनों देशों को साझा मूल्यों और बढ़ती समृद्धि के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अमेरिका और भारत के बीच की दोस्ती विश्व में स्थिरता का स्तंभ है।

इस बीच, व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जॉश एर्नेस्ट ने बताया कि मोदी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के संबंध में व्हाइट हाउस भारतीय अधिकारियों के संपर्क में है। उल्लेखनीय है कि मोदी को आधिकारिक अमेरिकी दौरे के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आमंत्रित किया है। मोदी से पहले 19 जुलाई, 2005 को तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। अटल बिहारी वाजपेयी (14 सितंबर, 2000), पीवी नरसिम्हाराव (18 मई, 1994) और राजीव गांधी (13 जुलाई, 1985) ने अमेरिकी संसद में भाषण दिया था।

माना जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के अंतिम साल में दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की यह आखिरी आधिकारिक मुलाकात होगी। अमेरिका के वरिष्ठ सांसदों ने मोदी के अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करने के फैसले का स्वागत किया है। सदन की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष एड रायस ने कहा कि वह स्पीकर रायन के मोदी को आमंत्रित करने के फैसले से बहुत खुश हैं। वह प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के आकांक्षी हैं। उनका संबोधन अमेरिका और भारत के गहरे और अहम रिश्ते का संकेत होगा। रक्षा, परमाणु शक्ति, परिवर्तनीय ऊर्जा और अंतरिक्ष अनुसंधान में हमारी साझेदारी बहुत ही मजबूत है। ऐसे मूल्यों को साझा करने के लिए शुक्रिया।

प्रधानमंत्री मोदी को सुनकर दोनों देश शांति और समृद्धि को बढ़ा सकते हैं। अमेरिकी कांग्रेस में निर्वाचित हिंदू सांसद तुलसी गर्बाड ने कहा कि वह जून में वाशिंगटन में मोदी का स्वागत करने के लिए लालायित हैं। कांग्रेस में फिलहाल भारतीय मूल की अकेली अमेरिकी सांसद अमी बेरा ने कहा कि मेरी अपील को मानने के लिए मैं स्पीकर रायन का शुक्रिया अदा करती हूं। भारत अमेरिका का अहम साझीदार है। उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते बेरा और रायस ने दो अन्य अमेरिकी सांसदों के साथ मिलकर स्पीकर रायन से मोदी को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए बुलाने की अपील की थी।

हावर्ड यूनिवर्सिटी में एक विद्वान रौनक डी. देसाई ने कहा कि मोदी का कांग्रेस के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करना बहुत ही अहम घटना होगी। खासकर तब जब मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान हालात एकदम विपरीत थे।

Related Articles

Back to top button