अजब-गजबअद्धयात्मउत्तर प्रदेशफीचर्ड

अयोध्या में मनायी जा रही रामनवमी

अयोध्या : पावन नगरी अयोध्या में सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में प्रभु श्रीराम के दर्शन पूजन के लिए आ रहे हैं। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में श्रद्धा का सागर उमड़ पड़ा है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु देश के अलग-अलग भागों से अयोध्या पहुंचे हैं।
रामनवमी के दिन अयोध्या में स्नान और दर्शन का बड़ा महत्व है। रामनवमी के अवसर पर अयोध्या के कनक भवन में भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्रीराम लला का श्रृंगार किया जाएगा और नई पोशाक भेंट की जाएगी। प्रसाद के तौर पर एक क्विंटल पंजीरी और 51 लीटर पंचामृत का भोग लगाया जाएगा।
तुलसीदास ने सरयू नदी में स्नान के महत्व का वर्णन करते हुए रामचरित मानस में लिखा है-अवधपुरी मम् पुरी सुहावन। उत्तर दिश बह सरयु पावन।। यानी अयोध्या के उत्तर दिशा में उत्तरवाहिनी सरयू नदी बहती है। ऐसी कथा है कि भगवान राम ने अपनी लीला दिखाते हुए लक्ष्मण को एक बार बताया था कि सरयू नदी और अयोध्या नगरी इतनी पावन है हर दिन सभी तीर्थ इसके दर्शन और स्नान के लिए आते हैं। सरयू नदी में स्नान करने मात्र से सभी तीर्थों में स्नान का पुण्य मिल जाता है। इसी आस्था और विश्वास के कारण श्रद्धालु सरयू स्नान और रामलला के दर्शन के लिए यहां आते हैं।

Related Articles

Back to top button