![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/08/asom.jpg)
गुवाहाटी: असम में उग्रवादियों की स्वतंत्रा दिवस का बहिष्कार करने की धमकी के बीच शिवसागर जिले के सोनारी में आज एक पुल के निकट जोरदार धमाका हुआ ,वहीं तिनसुकिया जिले के माकुम में पुलिस ने शक्तिशाली विस्फोटक बरामद किया। पुलिस ने बताया कि सोनारी के निकट पुल के ऊपर से सेना का वाहन गुजरने के ठीक बाद जोरदार धमाका हुआ, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि सुबह माकुम से एक विस्फोटक बरामद किया गया, जिसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। इन दोनों घटनाओं के पीछे यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा स्वतंत्र) का हाथ माना जा रहा है।
इस बीच गुवाहाटी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट तीन ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। असम में उग्रवादी संगठनों की कल स्वतंत्रता दिवस समारोह का बहिष्कार करने की धमकी के मद्देनजर पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है। उग्रवादियों की ङ्क्षहसक हरकतों को नाकाम करने के लिए पूरे राज्य में उच्च सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (स्वतंत्र) और नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) सहित कई प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों ने बंद और स्वतंत्रता दिवस समारोह का बहिष्कार करने का आह्वान किया था। सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
विभिन्न स्थानों पर वाहनों और लोगों की तलाशी ली जा रही है। वेटरेनरी कॉलेज मैदान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह होगा जहां मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मंत्री,विधायक और प्रमुख हस्तियां अलग-अलग जगहों पर तिरंगा फहराएंगी। उल्लेखनीय है कि असम के तिनसुकिया जिले में गत 12 अगस्त को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो हमले किए थे जिसमें दो नागरिक और एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई थी तथा आठ अन्य घायल हो गए थे। गुवाहाटी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उसी दिन तीन ग्रेनेड बरामद किए गए थे।