![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2019/03/sakshipost-hindi_2019-03_19a1c67a-93c9-4069-b5c2-5ef06a638419_aap_cong.jpg)
नई दिल्ली : दिल्ली में एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट जोर पकड़ने लगी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज दोपहर दिल्ली में पार्टी नेताओं की इस मसले पर बात करने के लिए बैठक बुलाई है।
जानकारी के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस महसाचिव प्रियंका गांधी और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित शामिल होगीं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में आप के साथ गठबंधन करने या न करने को लेकर अंतिम फैसला हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली में कांग्रेस 3 और आप 3 पर चुनाव लड़ने पर सहमत हो गई है जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के लिए छोड़ा गया है। इस एक सीट पर यशवंत सिन्हा के लड़ने की खबरें हैं।
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 के लिए आम आदमी पार्टी ने 6 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर कांग्रेस पर दबाव बनाने की कोशिश की थी। हालांकि उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के बाद भी आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की उम्मीदों को छोड़ी नहीं थी। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने हाल के कई बयानों में कहा था कि कांग्रेस दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेगी।