फीचर्डस्पोर्ट्स

आ गया विराट का हमशक्ल

viratएजेंसी/ दिल्ली का आरके पुरम इलाका। कैफे दिल्ली हाइट्स। अचानक वहां बैठे लोग खुशी से झूम उठे। उन्हें उस शख्स की एक झलक देखने को मिल गई थी जिसके पीछे सारे देश दीवाना है। वह और कोई नहीं भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली थे। कोहली यहां एक इवेंट में हिस्सा लेने आए थे। उनके साथ उनकी मां सरोज भी थीं। कोहली ने बताया कि एक वक्त था जब वह ‘खाने के दीवाने’ थे। पार्टी के बाद हमारी मुलाकात कुछ लोगों से हुई। उनमें से कुछ विराट के बेहद करीबी हैं। ऐसे भी लोग हैं जो विराट से कभी मिले भी नहीं लेकिन एक बात उन्हें जोड़े हुए है।

राजमा-चावल जैसा कोई नहीं
विराट के बड़े भाई विकास कोहली ने बताया, ‘विराट के लिए क्रिकेट ही सब कुछ है।’ विराट जब घर पर होते हैं तो क्या करते हैं, इस पर विकास ने कहा, चूंकि वह ज्यादातर समय बाहर ही रहते हैं इसलिए जब भी वह दिल्ली में होते हैं तो घर पर वक्त बिताते हैं। शुरुआती दिनों से उनके चार-पांच दोस्त हैं। वे लोग मिलकर फुटबॉल विडियो गेम्स खेलते हैं। विराट को फुटबॉल बहुत पसंद है। आजकल वह पढ़ते भी बहुत हैं। ज्यादातर वह आत्मकथाएं पढ़ते हैं।’ विकास ने कहा कि घर पर क्रिकेट के बारे में बात नहीं होती। और हां ज्यादातर पंजाबियों की तरह विराट को भी घर पर राजमा-चावल बहुत पसंद हैं।

लगन है कामयाबी का राज़
कोहली के कोच राजकुमार शर्मा का कहना है कि विराट की लगन और एकाग्रता उनकी शानदार फॉर्म की वजह है। शर्मा कहते हैं, कोहली जब उनके पास आया तो उसकी उम्र 10 साल भी नहीं थी। उस उम्र में भी विराट में वह हमेशा सीनियर्स के साथ खेलना चाहते थे। नई चुनौतियां और अन्य खिलाड़ियों से मुकाबला करना उन्हें शुरू से पसंद था।’

बहुत शरारती थे विराट
शर्मा ने बताया, ‘विराट बहुत शरारती थे। इस वजह से उन्हें कई बार डांट भी पड़ी। लेकिन इसके पीछे क्रिकेट एक बड़ी वजह रही। शुरुआती आईपीएल सीजन में भी विराट के आक्रामक व्यवहार के बारे में सुनने को मिलता था लेकिन उम्र और जिम्मेदारियों के साथ वह परिपक्व हो गया है। आज वह निजी जिंदगी पर पूछे गए उन्हीं सवालों को बेहतर ढंग से संभालता है।’

पश्चिमी दिल्ली में हुई शुरुआत
रनों का पीछा करने में विराट को मौजूदा दौर का बेस्ट क्रिकेटर माना जाता है। शर्मा का कहना है कि इसकी शुरुआत वेस्ट दिल्ली क्रिकेट अकादमी में ही पड़ी थी। एक वाकये को याद करते हुए वह बताते हैं कि एक बार उनकी टीम 210 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। विराट ने शतक बनाया। वह अपनी इस पारी से बेहद खुश थे। लेकिन मैच खत्म करने पर मैंने उसे डांटा था। इसके बाद मैच को मुकाम तक पहुंचाना उसकी आदत बन गई।

विराट की तरह दिखते हैं सिद्धार्थ
सिद्धार्थ मिश्रा एक स्पोर्ट्स प्रजेंटर हैं। विकास से ज्यादा वह ‘विराट के भाई’ लगते हैं। कई बार लोग उन्हें विराट का भाई या खुद विराट समझने की भूल कर बैठते हैं। इसकी वजह उनके विराट जैसे बाल और दाढ़ी होना है। लेकिव सिद्धार्थ तो कभी विराट से मिले तक नहीं। वह कहते हैं कि मेरा विराट से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। हम दोनों में बस एक चीज मिलती है कि हम दोनों दिल्ली से हैं। लेकिन हमारे लुक्स एक जैसे हैं।

जब सिद्धार्थ को मिली शुभकामनाएं
सिद्धार्थ बताते हैं कि एक बार संयोग से उन्हें फ्लाइट में बिजनस क्लास में शिफ्ट कर दिया गया। उन्हें इस बात पर हैरानी हुई। कुछ लोगों को लगा कि मैं विराट जैसा लगता हूं। इतने में एक सज्जन मेरे पास आए और अगली सीरीज के लिए शुभकामनाएं देने लगे। शुरुआत में तो कुछ नहीं बोला लेकिन जब बात कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गई तो मैंने अपनी हकीकत जाहिर कर दी। वह शख्स चक्कर में पड़ गया। सिद्धार्थ ने बताया कि कई बार वह लोगों को यह कहकर बेवकूफ बनाते हैं कि वह विराट के भाई हैं।

Related Articles

Back to top button