स्वास्थ्य

इन फलों का जूस पीने से नहीं मिलता शरीर को कोई फायदा, बढ़ सकता है ब्लड शुगर

आमतौर पर हम यही मानते हैं कि फलों और सब्जियों का जूस पीना सेहत के लिए फायदेमंद होता है और ये बात काफी हद तक सही भी है। सुबह के नाश्ते में 1 ग्लास जूस न सिर्फ आपके शरीर में तुरंत एनर्जी लाता है, बल्कि आपके शऱीर को जरूरी पोषक तत्व और विटामिन्स भी देता है। मगर क्या आप जानते हैं कि कुछ फलों और सब्जियों के जूस बिल्कुल हेल्दी नहीं होते हैं। इन्हें पीना आपकी सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद नहीं होता है या नुकसानदायक हो सकता है। आइए आपको बताते हैं कौन से हैं ये जूस और क्यों नहीं हैं ये सेहतमंद।

अनानास का जूस
अनानास या पाइन एप्पल का जूस लोगों को खूब पसंद आता है। इसका कारण है अनानास का खट्टा-मीटा टेस्ट। मगर रिसर्च के मुताबिक अनानास का जूस पीने से आपके शरीर को कोई खास फायदा नहीं मिलता है। दरअसल साबुत अनानास में ढेर सारे विटामिन्स और मिनल्स होते हैं, मगर जब आप इसका जूस निकालते हैं, तो इनमें से ज्यादातर विटामिन्स नष्ट हो जाते हैं। अनानास के जूस में बहुत कम पौष्टिक तत्व होते हैं इसलिए इस फल का पूरा फायदा उठाने के लिए इसे साबुत खाना ही ज्यादा अच्छा होता है। इसके अलावा अनानास में शुगर की मात्रा काफी ज्यादा होती है। इसलिए इसका जूस पीने से आपके शरीर में ब्लड शुगर बढ़ सकता है।

पालक का जूस
इस लिस्ट में पालक का नाम सुनकर आप हैरान होंगे, क्योंकि पालक को बहुत हेल्दी माना जाता है और इसका जूस बहुत सारे लोग सुबह पीते हैं। मगर ये सही है कि पालक का जूस भी आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। दरअसल पालक का जूस लंबे समय तक पीना आपको पथरी का शिकार बना सकता है। इसका कारण यह है कि पालक में ऑक्सलेट (oxalate) की मात्रा अच्छी होती है। ऑक्सलेट एक ऐसा तत्व है, जो पेशाब के रास्ते और किडनी में जमा हो जाता है और पथरी का कारण बनता है।

अगर आप पालक खाते हैं तो इसका खतरा इसलिए कम होता है क्योंकि साबुत पालक खाते समय आप बहुत ज्यादा मात्रा में इसका सेवन नहीं कर सकते हैं। जबकि जूस बनाकर पीने में आप बहुत सारे पालक को पीसते हैं, तब 1 ग्लास जूस इकट्ठा होता है। इसलिए जूस में साबुत पालक की अपेक्षा ऑक्सलेट की मात्रा बहुत ज्यादा होती है।

सेब का जूस
सेब को हेल्दी माना जाता है, मगर इसका जूस आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। दरअसल सेब में ढेर सारे पोषक तत्व होते हैं और ये शरीर के लिए बहुत फायदेमंद फल माना जाता है। मगर सेब के बीज में कई जहरीले तत्व होते हैं, जिनका सेवन करना आपकी सेहत के लिए ठीक नहीं है। सेब के बीजों में एमिग्डैलिन (amygdalin) नाम का एक केमिकल होता है, जो इंसानों के लिए जहर जैसा काम करता है। ये तत्व खुबानी, आड़ू और बेर के बीजों में भी पाया जाता है। इसलिए अगर आप पैकेटबंद सेब के जूस या बाजार में खुले में बिकने वाले जूस पर भरोसा नहीं कर सकते हैं। अगर आप घर पर सेब का जूस निकालते हैं, तो इसके बीजों को जरूर निकाल दें।

नाशपाती का जूस
नाशपाती का स्वाद भी खट्टा-मीठा होता है। इसमें अच्छी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स और मिनरल्स होते हैं। मगर नाशपाती का जूस आपकी सेहत के लिए अच्छा नहीं होता है। दरअसल नाशपाती में एक सॉर्बिटोल नाम का एक खास तरह का शुगर होता है, जिसे शरीर पचा नहीं पाता है। इसलिए नाशपाती के जूस के सेवन से आपको पेट में अपच, गैस, दस्त या पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

लेकिन जब आप साबुत नाशपाती खाते हैं, तो 2-3 से ज्यादा नहीं खाएंगे। इसके साबुत नाशपाती खाने से आपके शरीर में ढेर सारा फाइबर जाता है इसलिए ये सॉर्बिटोल बहुत कम मात्रा में आपके शरीर में जाता है और शरीर इसे फाइबर के साथ ही मल के द्वारा बाहर निकाल देता है।

छिलके सहित संतरे का जूस
कुछ लोग मानते हैं कि फलों के छिलकों में फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, इसलिए इनका जूस छिलके सहित निकालते हैं। मगर खट्टे फल जैसे- संतरा, मौसमी, कीनू आदि का जूस छिलके सहित निकालकर पीना सेहत के लिए नुकसानदायक होगा। इन फलों के छिलके में ऐसे तत्व होते हैं, जो आपको पेट की समस्याएं दे सकते हैं।

Related Articles

Back to top button