इलाहाबाद में चिकित्सक गोलियों से भूना, विरोध के बीच जांच जारी
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/01/5565a80493c3bUntitled-2.jpg)
इलाहाबाद। शहर में कीडगंज थाना अंतर्गत रामबाग स्थित जीवन ज्योति हास्पिटल में गुरुवार शाम जाने माने चिकित्सक डाॅ. एके बंसल को उनके चेंबर में गोली मार दी गई। गोलियां उनके सिर में लगी जिसके कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब सात बजे के आसपास आए तीन हमलावरों में से एक उनके कक्ष में पहुंचा और ताबड़तोड़ गोलियां दागीं। मौके से चार खोखे मिले हैं। गोली चलने की आवाज सुनकर अस्पताल के सहकर्मी पहुंचे तो हमलावर असलहा चमकाते हुए भाग निकले।
डाॅ. बंसल को आनन-फानन दूसरे अस्पताल में ले जाया गया। वहां जांच के बाद फिर उन्हें जीवन ज्योति अस्पताल लाकर आपरेशन किया गया। शहर के नामी डाक्टर इसमें शामिल थे, लेकिन उनकी कोशिश काम नहीं आई।
डाॅ. बंसल पर साल भर पहले भी हमला हुआ था। हमलावर कौन हैं, वजह क्या है, इसका पता नहीं चल सका है। हत्याकांड के बाद प्रायवेट डॉक्टरों में काफी गुस्सा नजर आ रहा है और उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी है। वह इस हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
सरकारी अस्पतालों में भी डाक्टर्स बांह पर काली पट्टी बांध कर काम कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही। इसमें हमलावर डॉक्टर को गोली मारने के बाद वहां से फरार होते साफ नजर आ रहे हैं।