स्पोर्ट्स

उत्तराखंड की हसीन वादियों में बर्थडे सेलिब्रेट करने पंहुचे विराट कोहली

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली आज 5 नवंबर को उत्तराखंड की हसीन वादियों में पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट करेंगे। वे बीते शनिवार को नरेंद्रनगर स्थित आनंदा होटल पहुंचे। विराट और अनुष्का 7 नवंबर को वापस दिल्ली लौटेंगे। शनिवार को विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से उन्होंने नरेंद्रनगर आनंदा होटल का रूख किया।

उनका आगमन इतना गुपचुप रहा कि प्रशसंकों तक को भी भनक नहीं लग सकी। होटल सूत्रों के मुताबिक 5 नवंबर यानी सोमवार को विराट कोहली का जन्मदिन है, जिसे सेलिब्रेट करने वह उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में आए हैं। अलबत्ता अनुष्का शर्मा हरिद्वार स्थित अपने गुरु अनंत बाबा पाटिल से प्रत्येक शुभ कार्य में आशीर्वाद लेने जरूर पहुंचती है। सूत्रों की माने तो विराट अपना जन्मदिन हरिद्वार में आध्यात्मिक गुरु के आश्रम में भी मना सकते हैं।

दोनों आश्रम में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा ले सकते हैं। होटल सूत्रों के मुताबिक उनका ऋषिकेश में एक दिन राफ्टिंग और कैंपिंग का कार्यक्रम भी है। विराट और अनुष्का 7 नवंबर दीपावली के दिन वापस लौटेंगे। उल्लेखनीय है कि विराट और अनुष्का शर्मा ने शादी से पहले भी काफी समय नरेंद्रनगर स्थित आनंदा होटल में बिताया था। जब भी अनुष्का उत्तराखंड आती हैं, तो हरिद्वार पथरी स्थित अंबुवाला में अपने गुरु के यहां अवश्य जाती हैं। बीते साल अनुष्का पहली बार विराट को लेकर हरिद्वार आई थी। जहां दोनों के शादी की तारिख अनंत बाबा ने तय की थी। इससे पहले जब भी अनुष्का उत्तराखंड पहुंची हैं, तो आश्रम में हर बार गई हैं।

Related Articles

Back to top button