देहरादून। उत्तराखंड में ठंड से लोगों का बुरा हाल है। यहां सर्द हवाओं की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है। जिसके चलते यहां का तापमान गिरता जा रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले अगले 48 घंटों में मौसम में बदलाव के कोई आसार नहीं है। वहीं शाम होते ही यहां का तापमान तेजी से नीचे गिर जाता है।
मौसम विभाग का अनुमान
समूचे उत्तराखंड में सर्द हवा ने दिक्कत बढ़ाई हुई है। मौसम यही रंग दिखा रहा है। इसके चलते न्यूनतम तापमान के लुढ़कने का सिलसिला बना हुआ है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में मौसम के रुख में तब्दीली के आसार नहीं हैं।
इन दिनों उत्तराखंड में तन चीरने वाली हवा दिनभर ही हलकान कर रही है। स्थिति ये रही कि दिन में चटख धूप निखरने के बावजूद गर्माहट का अहसास नहीं हो रहा है। पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक सभी जगह स्थिति ऐसी ही है।
दून में भी पिछले 48 घंटों के अंतराल में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में मौसम शुष्क रहेगा। आंशिक रूप से बादल भी रह सकते हैं। तापमान में गिरावट का क्रम बना रह सकता है।
यह सर्द हवा का ही असर है कि पर्वतीय इलाकों में धूप की गर्माहट का अहसास नहीं हो रहा। जबकि, मैदानी क्षेत्रों में कोहरा-कुहासा ने दिक्कतें खड़ी की हुई हैं। सूखी ठंड के चलते बीमारियां पनप रहीं सो अलग।
बता दें कि पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान 11 डिग्री से नीचे जा चूका है। वहीं मैदानी क्षेत्रों का तापमान 3 डिग्री तक पहुंच चूका है।