उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराज्यलखनऊ

उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख पद के चुनावों में झड़प, लाठीचार्ज

हमीरपुर में भाजपा और समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बीच हाथापाई


लखनऊ : ब्लॉक प्रमुख पद के लिए चुनावों के दौरान उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर झड़प हो गई। इस दौरान हमीरपुर, मुजफ्फरनगर और अमरोहा से भिड़ंत की खबरें आ रही हैं। हमीरपुर में भाजपा और समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। पुलिस ने समर्थकों को मौके से हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। लखीमपुर खीरी में महिला प्रस्तावक के साथ हुई बदसलूकी के बाद मामला तूल पकड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी बीच शनिवार को ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान किया जा रहा है।उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख  की 476 सीटों के लिए मतदान 11 बजे से प्रारम्भ हुआ। अपराह्न तीन बजे तक मतदान चलेगा और आज ही अपराह्न तीन बजे के बाद मतगणना भी कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश के राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने शुक्रवार को एक बयान में बताया था कि राज्‍य में 825 क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव की प्रक्रिया गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ शुरू हुई और शुक्रवार को नामांकन पत्रों की वापसी तय की गई थी।

वहीं इटावा में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बढ़पुरा ब्लाक परिसर के बाहर हवाई फायरिंग की गई। मौके पर पहुंचे एएसपी सिटी प्रशांत कुमार ने भाजपा समर्थकों को समझाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की व खींचा तानी की गई। उनके एक व्यक्ति ने थप्पड़ मार दिया। जिससे जमीन पर गिर पड़े। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के आ जाने के बाद सभी को पीछे खदेड़ दिया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। ब्लॉक में सपा प्रत्याशी आनंद यादव टंटी व भाजपा प्रत्याशी गणेश राजपूत के बीच मुकाबला है। यह मुकाबला दोनों ही दलों के लिए शुरू से ही प्रतिष्ठापूर्ण बना हुआ है। दोपहर एक बजे तक वोटिंग ठीक चल रही थी। उसके बाद मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी के बाद खड़े भाजपा समर्थकों ने सपा समर्थकों पर उनके वोटर को धमकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जब उन्हें समझाने एएसपी सिटी पहुंचे तो पीछे से कुछ समर्थकों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस बल की मौजूदगी में एएसपी सिटी उन लोगों को पीछे खदेड़ने में कामयाब हो गए। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी श्रुति सिंह व एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे तो उनके सामने ही भीड़ में पीछे से किसी से फिर दो-तीन राउंड फायर किए।

डीएम, एसएसपी द्वारा बड़ी संख्या में पुलिसबल को लेकर भीड़ को पीछे खदेड़ा गया है। यहां पर पुलिसजनों की सदर विधायक सरिता भदौरिया व भाजपा जिलाध्यक्ष अजय प्रताप धाकरे से बहस भी हुई। सरिता भदौरिया का आरोप था कि सपा के लोगों ने उनके सदस्यों को धमकाया है। कानपुर देहात के सरवनखेड़ा ब्लाक में निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। कई राउंड फायरिंग के बाद वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस बल जुटा तो सभी भाग निकले। एक प्रत्याशी कानपुर के भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी की भाभी हैं। सरवनखेड़ा ब्लाक में उर्वशी चंदेल व भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी की भाभी निर्दलीय प्रत्याशी उपमा त्रिवेदी आमने सामने हैं। मतदान के समय दोपहर में उर्वशी पक्ष के लोगों ने उपमा के समर्थकों पर मतदान केंद्र तक जाने के दौरान धमकाने व रूकावट का आरोप लगाया। काफी देर गहमागहमी के बाद दोनों तरफ से लोग एकजुट हो गए और फायरिंग शुरू हो गई। एक दूसरे के वाहनों को भी डंडा व ईंट मारकर तोड़ दिया गया। पुलिस बल ने लाठी लेकर खदेड़ा तो सभी भाग निकले। किसी के अभी तक घायल होने की जानकारी नहीं है। डीएम जेपी सिंह व एसपी केशव कुमार चौधरी भी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

वहीं कानपुर देहात के सरवनखेड़ा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी की भाभी माया त्रिवेदी व उर्वशी सिंह के समर्थकों के बीच फायरिंग व पथराव हो गया। पथराव से दोनों तरफ की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। डीएम व एसपी मौके पर पहुंचे। उधर, बलरामपुर में धनघटा की बीटीसी श्रीदेवी का प्रमाणपत्र गायब होने के बाद उसने आधार कार्ड पर वोट डाला। वहीं आधार कार्ड में नाम स्पष्ट ना होने पर नूरबानो को मतदान से रोका। विधायक कैलाश नाथ शुक्ला के हस्तक्षेप से पड़ा वोट। सभी 134 बीडीसी सदस्यों ने मतदान चुनाव संपन्न किया। उन्नाव के मियागंज ब्लॉक में बीडीसी को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। इस दौरान पुलिस ने लाठियां पटकीं और मीडिया के लोगों से भी धक्का मुक्की की गई। पत्रकारों को प्रशासन ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बाराबंकी त्रिवेदीगंज ब्लॉक प्रमुख चुनाव में मतदान के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें भाजपा समर्थित प्रत्याशी पक्ष के दो लोग घायल हो गए। भाजपा का झंडा लगाने को लेकर सुबह हुए दोनों पक्षो में विवाद पर अधिकृत प्रत्याशी ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की थी। डीएम एसपी भारी पुलिस बल के साथ भाजपा प्रत्याशी के गांव में मौजूद हैं। अलीगढ़ में गंगीरी ब्लॉक पर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हुआ तो सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी रहे। यहां राकेश सिंह और वीरवती देवी के बीच कड़ा मुकाबला है। 

अतरौली तहसील क्षेत्र के बिजौली और अतरौली ब्लॉक पर निर्विरोध ब्लॉक चयनित हो गए हैं। तहसील क्षेत्र के एकमात्र गंगीरी ब्लॉक पर दोपहर 11 बजे से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हुए जो दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। 3.00 बजे के बाद मतगणना शुरू की जाएगी। शाम तक चुनाव परिणाम आ जाएंगे। ग्रामीण शुभम पटेल ने बताया ब्लॉक परिसर पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम हैं और भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है। सिद्धार्थनगर के लोटन में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में शनिवार को लोटन ब्लॉक में मतदान करने गए क्षेत्र पंचायत सदस्य से बैलेट पेपर छीनकर किसी दूसरे ने वोट दिया। बाहर आए क्षेत्र पंचायत सदस्य उमेश ने बताया कि अंदर किसी ने उसे दो थप्पड़ मार दिया। वह कुछ समझ पाते, इसके पहले ही उसने उनका वोट डाल दिया। बाहर निकलने के बाद उमेश ने इसका खुलासा किया।

लोटन ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मणि त्रिपाठी एवं निर्दल प्रत्याशी आशीष सिंह मैदान में हैं। जब दूसरे व्यक्ति के वोट डालने की खबर फैली तो ब्लॉक परिसर में हंगामा होने लगा। इस मौके पर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस सख्त हुई तो मामला शांत हुआ, जबकि एक प्रत्याशी के समर्थक जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इटावा में मतदान के दौरान बढ़पुरा ब्लॉक के अंदर फिर फायरिंग हुई। इसके बाद पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की। मौके पर डीएम-एसपी मौजूद हैं। अचानक आई भीड़ पुलिस से भिड़ गई। इस बीच नकाबपोश युवक ने एक एसपी को तमाचा जड़ दिया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों से ब्लॉक प्रमुख पद के लिए चुनाव में झड़प, फायरिंग व मारपीट की खबरें आ रही हैं।

Related Articles

Back to top button