उत्तर प्रदेशराष्ट्रीय

उप्र में मंत्री के कालेज से दस्तावेज गायब

up mapकासगंज । उत्तर प्रदेश के कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र के महावर गांव स्थित प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री के मानपाल सिंह इंटर कालेज से शैक्षिक अभिलेख गायब हो गए हैं। आरोप पूर्व प्रधानाचार्य पर लगाया गया है। काफी प्रयासों के बाद भी जब अभिलेखों का पता नहीं चला  तब कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने ढोलना थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूर्व प्रधानाचार्य के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महावर गांव में परिवहन राज्यमंत्री मानपाल सिंह वर्मा का उन्हीं के नाम से इंटर कालेज है। इस इंटर कालेज में बीते कई वर्षों तक श्याम बाबू प्रधानाचार्य रहे। बीते जून माह में श्याम बाबू को पदमुक्त कर दिया गया। उनके स्थान पर प्रबंध समिति ने गंगाधर सिंह को प्रधानाचार्य का प्रभार सौंप दिया। प्रभार संभालने के बाद कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने कर्मचारियों से विगत वर्षों के शैक्षिक अभिलेख मांगे  लेकिन अभिलेख निर्धारित स्थान से गायब मिले। उन्होंने अभिलेखों के बारे में जानकारी की  पूरा शक पूर्व प्रधानाचार्य पर गया। लेकिन प्रधानाचार्य श्याम बाबू ने किसी भी प्रकार की जानकारी होने से अनभिज्ञता जता दी। आरोप है कि अधिक दबाव बनाए जाने पर उन्होंने अभिलेखों को गायब करना तो स्वीकारा  लेकिन यह नहीं बताया कि अभिलेख कहां हैं।  इसके बाद कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने प्रबंध समिति को अभिलेखों के गायब होने की जानकारी दी।  कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने ढोलना थाना पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 4०6 के तहत अभियोग दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button