उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डलखनऊ

उ0प्र0 का इतिहास अत्यन्त समृद्ध : उप राष्ट्रपति

‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के प्रथम समारोह का उद्घाटन, लखनऊ महोत्सव का शुभारम्भ

लखनऊ : भारत के उप राष्ट्रपति एम0 वेंकैया नायडू जी ने राज्य सरकार को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के प्रथम आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का इतिहास अत्यन्त समृद्ध है। यह आध्यात्मिकता का केन्द्र है। देश के स्वतंत्रता संग्राम में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह प्रदेश राम, कृष्ण, बुद्ध जैसी महान विभूतियों की कर्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार इस प्रदेश के विकास में तेजी लाने के लिए सारे प्रयास कर रही है। यह राज्य असीमित सम्भावनाओं वाला प्रदेश है। उप राष्ट्रपति ने यह विचार यहां अवध शिल्प ग्राम में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के प्रथम समारोह को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर लखनऊ महोत्सव का भी शुभारम्भ किया गया। नायडू ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के विकास के विषय में सोचते रहते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एक दिन अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे, क्योंकि अगर उत्तर प्रदेश विकसित नहीं हो पाया तो इसका विपरीत प्रभाव देश के विकास पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मानव तथा प्राकृतिक संसाधनों का कोई अभाव नहीं है। जरूरत इस बात की है कि सब लोग मिलजुल कर प्रदेश को विकसित बनाकर आगे ले जाने का प्रयास करें।

उ0प्र0 के हर जनपद में कोई न कोई हुनर मौजूद : राज्यपाल

समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि आज का दिन स्वर्णिम दिवस है। उन्होंने उप राष्ट्रपति जी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से इस कार्यक्रम की गरिमा बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का अत्यन्त महत्वपूर्ण राज्य है। इसके हर जनपद में कोई न कोई हुनर मौजूद है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान भी उन्होंने उत्तर प्रदेश दिवस आयोजित करने का सुझाव दिया था, परन्तु इसका आयोजन नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन सुखद है। आज जिन योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया है, वे इस प्रदेश के विकास को नया आयाम देंगी।

उ0प्र0 के विकास पर काम करना होगा : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के प्रथम समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह एक गौरव का क्षण है। उत्तर प्रदेश की गौरवशाली परम्पराओं पर ध्यान केन्द्रित करते हुए इसके विकास पर काम करना होगा। उन्होंने राज्यपाल श्री राम नाईक जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन का सुझाव उनका था, जिसे स्वीकार करते हुए इसे मनाया जा रहा है। यही नहीं, इस आयोजन को प्रदेश के विकास, कृषि, उद्योग इत्यादि से भी जोड़ा गया है। जनसंख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश, देश का सबसे बड़ा राज्य है। विश्व मानचित्र पर भारत को एक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने में इस राज्य की एक महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों का संतुलित विकास आवश्यक है। इसके बगैर देश का विकास और प्रगति असम्भव है।

 

Related Articles

Back to top button