ऐसे चुटकियों में सजाइए शादी वाला घर

घर पर शादी है…सारी तैयारियां जोरों पर हैं। पर, घर की सजावट की जिम्मेदारी तो किसी ने नहीं ली। अगर ऐसा आपके घर पर हो रहा है तो घर को सुंदर और खासतौर पर ‘शादी वाला घर’ बनाने के लिए आप ही कमर कस लीजिए। घर को खूबसूरत दिखाने के तरीके भी ज्यादा कठिन नहीं हैं, आइए जानें:
पुराना झूला है न!
घर के गार्डन या बालकनी में झूला है आपके यहां? अगर हां तो जरा उसे उस जगह तक लाने का इंतजाम कीजिए, जहां घर के सारे फंक्शन होने हैं। अब यह झूला कैसा भी हो, उसे फूलों से सजाएं। याद रखिए झूला अगर दिखने में खराब हो गया है तो इसमें पुरानी साड़ियां या फिर दुपट्टा लपेटकर इसका लुक सुधारा जा सकता है। फूल इसके बाद भी सजाए जा सकते हैं। बस आपको लंबी-लंबी फूलों की माला झूले में हर जगह लपेटनी होगी। इसके बाद इसमें लाइट्स भी लपेटी जा सकती हैं। चाहें तो झूले में एक ओर ऊपर की तरफ कंदील भी सजा सकती हैं। अब इस झूले पर दूल्हा या दुल्हन को बैठाइए और हल्दी, मेहंदी या संगीत जैसे फंक्शन कीजिए। देखिए, कैसे रौनक जम जाती है। वैसे घर में अगर बड़ा झूला नहीं है तो घर में कहीं भी रस्सियों के साथ सावन वाला झूला डाल लीजिए। इसकी सजावट भी वैसे ही फूलों से करनी होगी। यह झूला दूल्हा-दुल्हन के फोटो सेशन में चार-चांद लगाने के लिए काफी है।
चिड़िया नकली, असर असली
आपने बाजार में कई बार नकली चिड़िया बिकते हुए जरूर देखी होगी। ऐसी ढेर सारी चिड़िया खरीद लाएं। इन चिड़ियों को खाने की टेबल पर जगह-जगह रख दीजिए, जैसे दो प्लेटों के बीच में या खाने के दो बाउल्स के बीच में। इसके अलावा नकली चिड़ियों को वहां मौजूद छोटे पौधों पर भी रख सकतीं हैं। इसके अलावा फूलों और लाइट की सजावट के आसपास भी इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।
फोटोवॉल दिखेगी कमाल
आपके पास दूल्हे या दुल्हन की फोटो तो होगी ही, अब इनमें से सबसे सुंदर और इमोशनल तस्वीरों का कलेक्शन आपको करना होगा। अब इन्हें शानदार से फ्रेम में सजाकर आ जाइए वेन्यू पर। अब यहां पर आपको वो दीवार चुननी है, जो पूरी तरह से नजर आ रही हो। अगल-बगल कोई फर्नीचर न रखा हो। इस दीवार पर सिर्फ किनारे-किनारे लाइट लगाने भर से काम चल जाएगा, आपको फूल वगैरह लगाने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी। पक्की बात है कि मेहमान सिर्फ दीवार को देखने और फोटो खिंचवाने घर के इस कोने में जरूर आएंगे।
फूलों वाली गेंद भी तो है
इसमें गेंदे जैसे फूल काम आएंगे। थोड़े भारी फूलों से बॉल बनाना आसान होगा। फूलों की लड़ी बनाकर राउंड करते जाने से फूलों की गेंद बन जाएगी। आपको एक से आकार के ढेर सारे ऐसे बॉल बनाने होंगे। इन्हें कहीं भी यूं ही न लगाकर खास जगह पर लगाएं, जैसे दूल्हा-दुल्हन जहां बैठने वाले हैं या घर के प्रवेश द्वार पर ऐसे लगाएं कि आने वाले लोगों कि नजरों में यह जरूर आए।
फूलों की माला आएगी काम
फूलों की माला से सजावट करना बहुत ही साधारण-सा आइडिया है, जैसे फूलों की डोर को दरवाजे पर लंबाई में लगा देगा। पर, इसे भी अलग तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। जैसे पहले एक लड़ी में कई ‘यू’ बनाते हुए आगे बढ़ाएं फिर दूसरी लड़ी को इस तरह से लगाएं कि उसके ‘यू’ पहली वाली लड़ी के दो ‘यू’ के बीच में आएं। अब इसी तरह दो रंगों की फूलों की लड़ी को आपस में लपेट कर दीवार पर जिगजैग शेप में लगा दीजिए। चाहे तो पर्दों की जगह सिर्फ फूलों की कई लड़ियां भी लगाई जा सकती हैं। फूलों से ही हैप्पी मैरिड लाइफ, गॉड ब्लेस यू, वी लव यू, हमारी लाडली, लव स्टोरी जैसे सुंदर शब्द भी लिखे जा सकते हैं। इनका असर आपको माहौल की खुशी में जरूर दिखेगा।