छलनी से चांद देख किया पिया का दीदार
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2015/10/karva_chauth.jpg)
फरीदाबाद : करवा चौथ पर चांद के दीदार संग सुहागिनों ने पति की दीर्घायु और खुद के अखंड सौभाग्य की कामना की। पति के प्रति समर्पण और स्नेह का पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। शहर में हर जगह करवा चौथ की रौनक देखने को मिली। पत्नियों ने दिन भर निर्जला उपवास रखा और दोपहर बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद महिलाओं ने साथ मिलकर करवा चौथ व्रत की कथा सुनी। शाम को सोलह श्रृंगार कर सजनियों ने चांद निकलने का इंतजार किया। चांद निकलने के बाद रस्म के अनुसार चंद्रमा की पूजा-अर्चना कर अर्घ्य दिया और व्रत सम्पन्न किया। साजन की लंबी उम्र की कामना के साथ सुहागिनों ने व्रत खोला।
सोसाइटियों में सामूहिक रूप से भी पूजा-अर्चना कर महिलाओं ने करवा चौथ मनाया। कहीं गीत-संगीत की महफिल जमी तो कहीं पर साथ मिलकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। एनएच-5 स्थित राधा सर्वेश्वर मंदिर में महिलाओं ने पुजारी से करवा चौथ व्रत की कथा सुनी। इसके बाद सामूहिक पूजन कर अखंड सौभाग्य की कामना की। डैजलिंग डायमंड क्लब की महिलाओं ने साथ मिलकर जमकर मस्ती की। दोपहर को सामूहिक पूजन के बाद सारी महिलाओं ने बॉलीवुड गीतों में खूब ठुमके लगाए। उधर, स्प्रिंगफील्ड सोसायटी में महिलाओं ने गोल घेरा बनाकर विधि-विधान से पूजा की। साथ ही चंद्रमा निकलने के बाद सामूहिक रूप से अर्घ्य दिया।