उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यलखनऊ

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन


लखनऊ। प्रदेश सरकार के इशारे पर भाजपा के मंत्रियों एवं नेताओं की पूर्व में अपने-अपने चुनावी हलफनामें में चुनाव आयोग को दिये गये दंगों सहित अन्य आपराधिक मुकदमों को लेकर तथाकथित रूप से सवाल पूछने की लगी होर्डिंग के आरोप में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्पीडऩ एवं असंवैधानिक तरीके से की गयी गिरफ्तारी के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर आज गांधी प्रतिमा पर कांग्रेसजनों द्वारा धरना-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार से अविलम्ब कांग्रेस कार्यकर्ताओं श्री सुधांशु बाजपेयी एवं उनके साथियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेते हुए उन्हें तत्काल बिना शर्त रिहा करने की मांग की गयी।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ0 उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि इस मौके पर कांग्रेसजनों ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा नई परम्परा शुरू की गयी है कि बिना न्यायालय के किसी निर्णय के ही किसी को भी दोषी करार देते हुए उनकी चल और अचल सम्पत्ति से तथाकथित होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए उनकी फोटो एवं पते युक्त होर्डिंग चौराहों पर लगाने को देखते हुए कार्यकर्ताओं द्वारा भी होर्डिंग लगाकर इस वर्तमान भाजपा सरकार के बड़े नेताओं द्वारा अपने लोकसभा चुनाव में दिये गये हलफनामे में स्वीकार किए गए दर्ज मुकदमों के आधार पर सवाल उठाये गये हैं कि क्यों न इस नई परम्परा की शुरूआत वर्तमान सरकार में बैठे हुए भाजपा नेताओं से की जाए, जो आज प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं मंत्री पद सहित विभिन्न पदों पर बैठे हैं। इन कार्यकर्ताओं द्वारा लगाई गयी तथाकथित रूप से होर्डिंग पर प्रदेश सरकार के इशारे पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यकर्ताओं का उत्पीडऩ कर, उन पर गंभीर धाराएं लगाकर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र चौधरी ने कहा कि संविधान में हर नागरिक को अपनी आवाज उठाने एवं सरकार से सवाल पूछने का अधिकार है तथा असहमति लोकतंत्र की ताकत है। कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पूरी तरह द्वेषपूर्ण और असंवैधानिक है। प्रदेश सरकार तत्काल दर्ज मुकदमों को वापस लेकर कार्यकर्ताओं को बिना शर्त रिहा करे। प्रवक्ता डॉ0 पाण्डेय ने बताया कि इस मौके पर प्रमुख रूप से रमेश कुमार शुक्ल, विवेकानन्द पाठक, मोहित पाण्डेय, अभिषेक सिंह राणा, मुकेश सिंह चौहान, राम कुमार पाल, दिलप्रीत सिंह, अशोक सिंह, आशीष सिंह, ममता चौधरी, डा0 अनूप पटेल, सुशीला शर्मा सहित सैंकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button