टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीति

कांग्रेस पर बरसे अमित शाह, बोले- नेहरू की वजह से आज फंसा हुआ है कश्मीर


अमरावती : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पुलवामा आतंकी हमले के बहाने गुरुवार को कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। शाह ने कहा कि कांग्रेस जवानों की शहादत पर सियासत कर रही है। इसके अलावा बीजेपी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अगर पंडित जवाहरलाल नेहरू की जगह सरदार वल्लभभाई पटेल पीएम बने होते तो आज कश्मीर में ऐसी समस्या नहीं होती। शाह ने दो टूक कहा कि नेहरू के कारण ही आज कश्मीर फंसा हुआ है। आंध्र के राजमुंदरी में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह कांग्रेस पर जमकर बरसे। पीएम नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस के हमलों को लेकर पलटवार भी किया। शाह ने कहा, ‘कांग्रेस किस मुंह से सवाल उठा रही है। उन्हें पीएम से कोई सवाल पूछने का हक नहीं है। नरेंद्र मोदी 24 घंटे देश के लिए समर्पित हैं। वह हर रोज 18 घंटे काम करते हैं। पीएम मोदी देश की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हैं। आप (कांग्रेस) चाहें जितना आरोप लगाएं, देश की जनता को फर्क नहीं पड़ने वाला है।’ देशभक्ति के सवाल पर कांग्रेस को घेरते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ‘कांग्रेस हमें देशभक्ति का पाठ न पढ़ाए। हम शहीदों की शहादत पर सियासत नहीं करते लेकिन वे (कांग्रेस) यहां भी सियासत कर रहे हैं। उनके एक नेता (नवजोत सिंह सिद्धू) पाकिस्तान जाकर वहां के आर्मी चीफ को गले लगाते हैं। ऐसी पार्टी देशभक्ति की बात न करे।’ सोनिया पर सीधा हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि वह आतंकी की मौत पर रोती हैं। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पुलवामा मामले में सियासत कर रही है। इस दौरान आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू पर भी शाह ने निशाना साधा। चंद्रबाबू को पाकिस्तान के पीएम (इमरान खान) पर भरोसा है लेकिन देश के पीएम (नरेंद्र मोदी) पर नहीं है।

Related Articles

Back to top button