टॉप न्यूज़दिल्लीराजनीतिराज्य

केजरीवाल का संदेश, भविष्य में युवाओं को ही संभालनी है देश की बागडोर

दिल्ली चुनाव में अब दो हफ्ते से भी कम का समय बचा है और सभी पार्टियों ने चुनाव जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। जहां एक ओर दिल्ली का चुनाव शाहीन बाग के मुद्दे पर आकर टिक गया है, वहीं आम आदमी पार्टी इसे अ़पने काम पर लाने का प्रयास कर रही है। इसी सिलसिले में आज आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट कर दिल्ली के युवाओं को एक संदेश दिया है। इसमें वह युवाओं को देश का भविष्य बता रहे हैं और भारत को नंबर एक का देश बनाने की बात कर रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है कि, ”दिल्ली के युवाओं के लिए मेरा संदेश। आने वाले समय में आप ही को देश की बागडोर संभालनी है। मैं भारत को दुनिया का नंबर वन देश देखना चाहता हूं। इस सपने को पूरा करने के लिए मुझे आपका साथ चाहिए …।”

नमस्कार, मैं अरविंद केजरीवाल, अंदर आ सकता हूं…
मतदाताओं तक अधिकाधिक पहुंचने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसी के तहत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अनूठे अंदाज में लोगों से रूबरू होंगे। उन्होंने सोमवार को ‘केजरीवाल आपके द्वार’ मुहिम लांच की।

प्रचार के आखिरी चरण तक केजरीवाल तकनीक की मदद से मतदाताओं के घर की कॉल बैल बजाते नजर आएंगे। इसके लिए एक वेबसाइट के साथ टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया। इसके सहारे आम लोगों के सवालों को जवाब देने के साथ दिल्ली सरकार के पांच साल के कामकाज की जानकारी भी देंगे।

पार्टी की ओर से जारी किए गए 7690944444 नंबर पर मिस्ड कॉल करने पर मोबाइल पर एक लिंक आएगा। जिस पर क्लिक करने से केजरीवाल का वीडियो मैसेज मिलेगा, नमस्कार… मैं अरविंद केजरीवाल। अंदर आ सकता हूं। आप व्यस्त तो नहीं हैं…। फिर, वेलकम का बटन दबाने से दिल्ली सरकार की अलग-अलग योजनाओं से जुड़े लिंक होंगे। इसमें केजरीवाल अपनी योजनाओं की वीडियो से जानकारी देंगे।

पार्टी दफ्तर में मुहिम लांच करते हुए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में करीब 50 लाख परिवार हैं। इच्छा होने के बावजूद वह खुद हर घर तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे में इसके लिए तकनीक का सहारा लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मुहिम में उनके व दिल्लीवालों के बीच कोई दूसरा नहीं होगा। वह सीधे आम लोगों से संवाद करेंगे। आम लोग शिकायत भी कर पाएंगे।

केजरीवाल ने बताया कि वह कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं से बिना किसी भेदभाव किए उनके घर पहुंचेंगे। पिछले पांच साल में उनकी सरकार ने सबके लिए काम किया है।

इस तरह काम करेगा ‘केजरीवाल आपके द्वार’
7690944444 पर मिल कॉल देना होगा। इसके बाद आपके मोबाइल नंबर पर www.welcomekejriwal.in नाम का लिंक है। इस पर क्लिक करते ही वीडियो में आपको अरविंद केजरीवाल दरवाजे पर घंटी बजाते दिखेंगे।

साथ ही अंदर आने की इजाजत मांगेंगे। मोबाइल पर वेलकम पर क्लिक करने पर स्क्रीन पर बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, महिला सुरक्षा व कच्ची कॉलोनी का विकल्प मिलेगा।

अब किसी भी विकल्प को चुन कर मुख्यमंत्री से सीधे उसके बारे में जानकारी ले सकते हैं। केजरीवाल वीडियो संदेश में संबंधित योजना पर बात करेंगे। इसके बाद लोग अपना फीडबैक देने के साथ शिकायत व सुझाव भी दे सकते हैं।

8 फरवरी को प्यार से दबेगा बजट: प्रशांत
जनता दल यूनाइटेड के नेता और आम आदमी पार्टी के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने शाह के बयान पर ट्वीट किया कि 8 फरवरी को ईवीएम का बटन तो प्यार से ही दबेगा। जोर का झटका धीरे से लगना चाहिए। ताकि आपसी भाईचार और सौहार्द कायम रहे। गौरतलब है कि एक दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि ईवीएम का बटन इतने जोर से दबाना कि उसके करंट से आठ फरवरी को शाहीन बाग के धरनार्थी अपने आप भाग जाएं।

Related Articles

Back to top button